चीनी उद्योग का भविष्य काफी चुनौतीपूर्ण, शुगर मिलर्स ऊर्जा उत्पादन की ओर बढ़ें: केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी

सतारा (महाराष्ट्र): केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को कहा कि, यदि चीनी मिलर्स तेजी से ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में विविधीकरण नहीं करते हैं, तो चीनी उद्योग का भविष्य काफी चुनौतीपूर्ण रहेगा। पश्चिमी महाराष्ट्र के दो दिवसीय दौरे के दौरान सतारा में आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए गडकरी ने उद्योग की स्थिरता को लेकर स्पष्ट शब्दों में चिंता जताई। उन्होंने कहा, शुगर मिलें जितनी अधिक चीनी उत्पादन करेंगी, उनके मालिक उतना ही अधिक परेशान होंगे। एक मंत्री के रूप में मैं उद्योग के भविष्य को लेकर ज्यादा कुछ नहीं कह सकता, लेकिन आने वाला समय काफी कठिन होगा।

गडकरी की यह टिप्पणी केंद्र सरकार द्वारा चीनी निर्यात पर लगाए गए प्रतिबंध की पृष्ठभूमि में आई है। विपक्षी दलों और किसान संगठनों ने चीनी निर्यात प्रतिबंध फैसले का विरोध करते हुए कहा है कि इससे गन्ना किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पाएगा। जैव ईंधन के लंबे समय से समर्थक रहे गडकरी ने कहा कि, एथेनॉल उत्पादन ही इस उद्योग के लिए राहत का प्रमुख साधन बना हुआ है। उन्होंने कहा, अगर एथेनॉल का उत्पादन नहीं होता, तो शुगर मिल मालिकों के लिए गन्ना किसानों का भुगतान करना लगभग असंभव हो जाता। वर्तमान में मिल मालिकों को चीनी का भंडारण गोदामों में करना पड़ रहा है और भारी किराया भी देना पड़ रहा है। एथेनॉल की बिक्री के कारण ही उनकी स्थिति बेहतर बनी हुई है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने उद्योग में “सोच बदलने” की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि मिलों को पारंपरिक उत्पादन से आगे बढ़कर नवाचार अपनाना चाहिए।गडकरी ने सुझाव दिया कि, शुगर फैक्ट्रियां आइसोब्यूटेनॉल और ग्रीन हाइड्रोजन के उत्पादन की दिशा में भी कदम बढ़ाएं। उन्होंने यह भी कहा कि चीनी मिलों को अपनी स्वयं की एथेनॉल पंप श्रृंखला स्थापित करनी चाहिए, जिससे राजस्व बढ़ेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here