नई दिल्ली : कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने सोमवार को किसानों, व्यापारियों और कृषि क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के लिए प्रक्रियाओं को सरल बनाने के उद्देश्य से कई बड़े सुधारों की समीक्षा की। सरकार ने घरेलू उपयोग वाले कीटनाशकों की बिक्री और भंडारण के लिए लाइसेंस प्रक्रिया को काफी आसान बना दिया है। अब लाइसेंस आवेदन फॉर्म को तीन पन्नों से घटाकर केवल एक पन्ने का कर दिया गया है। इसके साथ ही उत्पादों के साथ दिए जाने वाले कागजी पर्चों की व्यवस्था समाप्त कर दी गई है और उनकी जगह उत्पाद लेबल पर क्यूआर कोड लगाए गए हैं।
इस फैसले से मच्छर भगाने वाली मैट, कॉइल, लिक्विड वेपराइजर और कॉकरोच स्प्रे बेचने वाले 40 लाख से अधिक खुदरा दुकानदारों और किराना व्यापारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। मंत्रालय ने उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के तहत नए उर्वरकों के पंजीकरण की प्रक्रिया को भी आसान बनाने के कदमों की जानकारी दी। पहले नए उर्वरकों को मंजूरी देने के लिए तकनीकी समिति और केंद्रीय उर्वरक समिति दोनों की स्वीकृति जरूरी होती थी, लेकिन अब दोहरी मंजूरी व्यवस्था समाप्त कर केवल केंद्रीय उर्वरक समिति को अधिकार दिया गया है। इससे अब तक 19 आवेदकों और निर्माताओं को फायदा मिल चुका है।
सरकार ने देश के सभी 649 कस्टम पोर्ट पर डिजिटल एकीकरण भी पूरा कर लिया है। प्लांट क्वारंटीन मैनेजमेंट सिस्टम और भारतीय कस्टम इलेक्ट्रॉनिक डेटा इंटरचेंज गेटवे के बीच एंड-टू-एंड इंटीग्रेशन स्थापित किया गया है। अब कृषि उत्पाद आयातकों को केवल ICEGATE पोर्टल पर एक ही आवेदन जमा करना होगा, जिसके बाद आयात रिलीज ऑर्डर सीधे उनके लॉगिन पर जारी कर दिया जाएगा। बीज और पौध सामग्री के आयात-निर्यात की प्रक्रिया भी सरल बनाई गई है। सरकार ने EXIM समिति को पूरी तरह समाप्त कर दिया है और “पूर्व अनुशंसा” लेने की अनिवार्यता भी खत्म कर दी है। इससे बीज आयात-निर्यात प्रक्रिया तेज और सुविधाजनक होगी।
बैठक में ‘भारत-विस्तार – एआई इन एग्रीकल्चर’ प्लेटफॉर्म की भी समीक्षा की गई। यह एक केंद्रीय एआई आधारित मंच है, जिसका उद्देश्य किसानों को एक ही प्लेटफॉर्म पर कृषि संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराना है। 17 फरवरी 2026 को पहले चरण की शुरुआत के बाद से इस प्लेटफॉर्म पर 44 लाख से अधिक प्रश्न दर्ज किए जा चुके हैं। सरकार कृषि क्षेत्र में कारोबार सुगमता बढ़ाने के तहत नए उर्वरकों की मंजूरी प्रक्रिया को और सरल बनाने पर भी विचार कर रही है। प्रस्तावित सुधार के अनुसार, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को पूरा करने वाले अकार्बनिक उर्वरकों को अनिवार्य फील्ड ट्रायल से छूट दी जा सकती है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कृषि क्षेत्र में पारदर्शिता, तकनीकी दक्षता और सुशासन को बढ़ावा देने के लिए सुधार प्रक्रिया को और तेज किया जाए।


















