ब्रासीलिया : ब्राजील सरकार डीजल ईंधन में बायोडीजल की मात्रा बढ़ाकर 20 प्रतिशत (B20) करने की संभावना का परीक्षण शुरू करने जा रही है। मई महीने से शुरू होने वाले ये परीक्षण माउआ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के शोधकर्ताओं द्वारा किए जाएंगे। संस्थान के वाहन विभाग प्रमुख रेनाटो रोमियो ने इसकी जानकारी दी।वर्तमान में ब्राजील में डीजल में 15 प्रतिशत बायोडीजल मिश्रण अनिवार्य है, जबकि पेट्रोल में 30 प्रतिशत एथेनॉल मिलाया जाता है। ब्राजील दुनिया के प्रमुख जैव ईंधन उत्पादक देशों में शामिल है और यहां मुख्य रूप से सोयाबीन तेल तथा गन्ने से जैव ईंधन तैयार किया जाता है। वैश्विक ऊर्जा बाजार में अस्थिरता के बीच ईंधन मिश्रण बढ़ाने को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
रेनाटो रोमियो के अनुसार, परीक्षण के पहले चरण में B15 और B20 ईंधन मिश्रणों की जांच की जाएगी। इंजनों को 300 घंटे तक चलाकर फिल्टर जाम होने की स्थिति, ईंधन इंजेक्शन प्रणाली के प्रदर्शन और इंजेक्टर नोजल की स्थिति का आकलन किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न बायोडीजल मिश्रणों से निकलने वाले प्रदूषण स्तर का भी अध्ययन होगा।यह पहल ऐसे समय में की जा रही है जब जीवाश्म ईंधन और आयातित ऊर्जा पर बढ़ती निर्भरता को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं। ब्राजील के उद्योग जगत का मानना है कि बायोडीजल मिश्रण बढ़ाने से पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम होगी और देश के कृषि क्षेत्र को भी मजबूती मिलेगी। ब्राजीलियन एसोसिएशन ऑफ वेजिटेबल ऑयल इंडस्ट्रीज का कहना है कि, ये परीक्षण भविष्य में B15 से अधिक बायोडीजल मिश्रण को अपनाने का रास्ता खोल सकते हैं। उद्योग प्रतिनिधियों ने B20 की दिशा में बढ़ने को सोयाबीन उत्पादकों और जैव ईंधन क्षेत्र के लिए बेहद लाभकारी बताया है।


















