मेरठ : किसान दिवस में किसानों ने बिजली व्यवस्था और गन्ना भुगतान को लेकर प्रशासन के खिलाफ जोरदार नाराजगी जताई। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने लंबित समस्याओं को उठाते हुए चेतावनी दी कि, यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो जिला मुख्यालय पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। किसान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी वीके सिंह ने की। किसानों ने बताया कि, अप्रैल में दी गई 75 शिकायतों में से 50 का निस्तारण हुआ, लेकिन 25 मामलों में कार्रवाई संतोषजनक नहीं रही। इसे लेकर किसानों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।
किसानों ने गन्ना भुगतान, स्मार्ट मीटर, जर्जर बिजली लाइनें, फुंके ट्रांसफार्मर, तालाबों की सफाई, समिति ब्याज और आवारा पशुओं सहित 32 मांगों का ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। अनुराग चौधरी ने किनौनी शुगर मिल से किसानों का बकाया भुगतान जल्द कराने और समिति ब्याज संबंधी शासनादेश तुरंत लागू करने की मांग की। बिजली समस्याओं को लेकर किसान पहले मुख्य अभियंता गुरजीत सिंह के कार्यालय पहुंचे, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सैकड़ों किसान ऊर्जा भवन पहुंच गए। वहां किसानों ने जमकर नारेबाजी की। इसके बाद प्रबंध निदेशक रविश गुप्ता ने किसान प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए बुलाया।
प्रतिनिधिमंडल ने कृषि फीडरों की रात्रिकालीन बिजली आपूर्ति में बदलाव, तूफान से क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत, ट्रांसफार्मर जल्द बदलने और चोरी हुए बिजली तारों को तुरंत लगवाने की मांग रखी। प्रबंध निदेशक ने एक सप्ताह के भीतर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।किसान दिवस के दौरान विकास भवन परिसर में लंबे समय तक गहमागहमी और विरोध का माहौल बना रहा।


















