जिम्बाब्वे : चीनी उत्पादन 4.5 लाख टन तक पहुंचने की संभावना, पेराई सीजन में तेजी

हरारे : जिम्बाब्वे इस वर्ष चीनी उत्पादन में बड़ी बढ़ोतरी की तैयारी कर रहा है। देश के लोवेल्ड क्षेत्र में 37 लाख टन से अधिक गन्ने की पेराई होने का अनुमान है, जबकि कुल चीनी उत्पादन 4.5 लाख टन तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। गन्ना कटाई का कार्य तेज़ी से जारी है। हरे-भरे गन्ने के खेत अब कटाई और प्रसंस्करण के चलते खाली होते दिखाई दे रहे हैं, क्योंकि किसान तेजी से अपनी फसल हिप्पो वैली और ट्रायंगल मिलों तक पहुंचा रहे हैं। चीनी उद्योग में लंबे समय से चली आ रही परिवहन और आपूर्ति संबंधी समस्याओं को दूर करने के लिए “केन लॉजिस्टिक्स एंड ऑर्केस्ट्रेशन प्लेटफॉर्म (सीएलओपी)” नामक नई डिजिटल प्रणाली लागू की गई है। इसे “केन प्लानिंग सिस्टम” भी कहा जा रहा है।

टोंगाट हुलेट की कॉरपोरेट और उद्योग मामलों की प्रमुख डाहलिया गार्वे ने बताया कि यह डिजिटल प्लेटफॉर्म गन्ना कटाई के कार्यक्रम को मिलों की वास्तविक क्षमता से जोड़ता है। इसके जरिए यह तय किया जाता है कि कौन किसान कब गन्ना भेजेगा और मिल गेट पर उसकी पुष्टि कैसे होगी, ताकि गन्ना सही समय पर मिल तक पहुंचे और तुरंत प्रसंस्करण हो सके।किसानों और परिवहन चालकों ने इस नई डिजिटल व्यवस्था का स्वागत किया है। उनका कहना है कि, इससे अव्यवस्था खत्म हुई है, समय की बचत हुई है और नुकसान में कमी आई है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

पहले सभी किसान एक साथ कटाई शुरू कर देते थे, जिससे भारी भीड़ और अव्यवस्था होती थी। अब डिजिटल सिस्टम के जरिए उन्हें पहले से सूचना मिल जाती है कि कब कटाई करनी है और कब गन्ना मिल तक पहुंचाना है। इससे नुकसान लगभग समाप्त हो गया है। ट्रांसपोर्ट चालकों ने भी कहा कि, पहले ट्रकों को कई दिनों तक लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ता था, लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब कम समय में ज्यादा खेप पहुंचाई जा रही है। हिप्पो वैली और ट्रायंगल दोनों मिलों में फिलहाल 24 घंटे पेराई कार्य चल रहा है। वर्ष 2026 के गन्ना पेराई सीजन में उत्पादन बढ़ने से जिम्बाब्वे के चीनी उद्योग को मजबूती मिलने, निर्यात आय बढ़ने, औद्योगिक विकास को गति मिलने और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here