गुजरात : डीजल संकट गहराया, खेती और परिवहन व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित

राजकोट : गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्रों में डीजल की भारी कमी ने खेती और परिवहन व्यवस्था को गंभीर रूप से प्रभावित कर दिया है। लगातार चौथे दिन भी पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लगी रहीं। किसान तेज गर्मी में घंटों डीजल के डिब्बे लेकर इंतजार करते नजर आए, जबकि बंदरगाहों पर आयात-निर्यात का माल अटकने लगा है। डीजल संकट की शुरुआत कच्छ से हुई थी, जो अब पूरे सौराष्ट्र क्षेत्र में फैल गई है। हालात ऐसे हैं कि ट्रैक्टरों की लंबी कतारों से सड़कें जाम हो गईं और कई इलाकों में खेती के काम ठप पड़ गए। ईंधन पंपों पर सीमित मात्रा में डीजल दिया जा रहा है।

कांडला पोर्ट और मुंद्रा पोर्ट से जुड़े ट्रांसपोर्टरों ने बताया कि डीजल की कमी के कारण माल ढुलाई में भारी गिरावट आई है। कांडला-मुंद्रा कंटेनर ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष भगीरथसिंह जडेजा ने कहा कि कंटेनरों की आवाजाही प्रतिदिन लगभग 5 हजार से घटकर करीब 1 हजार रह गई है। कोयला, नमक, मशीनरी और तरल माल ढोने वाले छोटे व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही भी सामान्य स्तर के केवल 25 प्रतिशत तक सिमट गई है। कच्छ के गांधीधाम क्षेत्र में हाईवे पंपों पर डीजल न मिलने के कारण ट्रकों की भारी भीड़ शहर के अंदर जमा हो गई है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

ऑल इंडिया ट्रांसपोर्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने एडवाइजरी जारी कर देश के कई हिस्सों में डीजल आपूर्ति बाधित होने की चेतावनी दी है। संगठन ने कहा कि, इससे माल ढुलाई सेवाओं में देरी, वाहनों के खड़े रहने और बंदरगाहों से जुड़े कारोबार पर असर पड़ रहा है। कस्टम हाउस एजेंट आशीष जोशी ने कहा कि पहले से युद्ध की वजह से आयात-निर्यात कारोबार प्रभावित था और अब घरेलू डीजल संकट ने स्थिति और खराब कर दी है।राजकोट ट्रकर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी हसुभाई भगदेव ने बताया कि ट्रक सीमित डीजल के लिए कतारों में खड़े-खड़े ही ईंधन जला रहे हैं और चालक लंबी दूरी की डिलीवरी लेने से बच रहे हैं।

किसानों में भारी नाराजगी

डीजल संकट को लेकर किसानों में भारी गुस्सा देखने को मिल रहा है।अमरेली जिले में किसानों ने ट्रैक्टर सड़क पर खड़े कर पीपावाव-राजुला हाईवे जाम कर दिया। किसानों का कहना है कि वे पिछले पांच दिनों से डीजल के लिए परेशान हैं और घंटों लाइन में लगने के बावजूद पर्याप्त ईंधन नहीं मिल पा रहा है।किसान मनुभाई नकुम ने कहा कि वे सुबह से पांच घंटे लाइन में खड़े हैं, लेकिन 10 से 12 घंटे इंतजार के बाद भी पर्याप्त डीजल नहीं मिल रहा। एक अन्य किसान ने बताया कि वे रात 2 बजे से कतार में खड़े हैं, फिर भी कई लोगों को नियम तोड़कर पहले डीजल दिया जा रहा है।

जामनगर के ध्रोल कस्बे में एक पेट्रोल पंप पर किसानों और कर्मचारियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस बुलानी पड़ी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक किसान गुस्से में डीजल का डिब्बा तोड़ता दिखाई दिया।

आखिर क्यों बढ़ीं लंबी कतारें?

तेल विपणन कंपनियों ने डीजल की वास्तविक कमी से इनकार किया है। उनका कहना है कि, निजी डिपो की तुलना में सरकारी पंपों पर डीजल सस्ता होने के कारण मांग अचानक बढ़ गई है। अधिकारियों के अनुसार, निजी डिपो में डीजल की कीमत 125 से 140 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है, जो सरकारी पंपों की तुलना में 35 से 40 रुपये अधिक है। इसी कारण भारी संख्या में उपभोक्ता सरकारी पंपों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे लंबी कतारें लग रही हैं।अधिकारियों का दावा है कि अगले कुछ दिनों में स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here