सुवा : गन्ना की गैर-स्वीकृत किस्मों की खेती करने वाले किसानों को चेतावनी दी गई है कि, इस क्रशिंग सीजन से उनकी फसल को चीनी मिलों में स्वीकार नहीं किया जाएगा। तीन वर्षों की राहत अवधि समाप्त होने के बाद अब इस नियम को सख्ती से लागू किया जाएगा। शुगर मंत्री टोमासी तुनाबुना ने कहा कि, किसानों को पहले ही अवांछित गन्ना किस्मों को हटाने के लिए पर्याप्त समय दिया गया था, लेकिन अब नियमों का पालन अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा, किसानों को कई बार चेतावनी दी गई थी कि वे गैर-स्वीकृत गन्ना किस्मों की खेती और आपूर्ति से बचें।
मंत्री तुनाबुना ने बताया कि, अधिकारियों को अब भी ऐसी शिकायतें मिल रही हैं कि कुछ किसान फिजी शुगर रिसर्च इंस्टीट्यूट द्वारा मंजूर नहीं की गई गन्ना किस्मों की खेती और आपूर्ति कर रहे हैं। किसानों को स्वीकृत गन्ना किस्मों की जानकारी दी गई थी और उनसे उद्योग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपेक्षा की गई थी। इन गैर-स्वीकृत किस्मों को “कल्टीवर्स” कहा जाता है। जानकारी के अनुसार, सीकाका, वाइलेवु (लाबासा) और पश्चिमी क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में इन किस्मों की खेती की जा रही है। मंत्री ने कहा कि, किसानों को अवांछित किस्मों को हटाने के लिए तीन साल का समय दिया गया था, लेकिन अब इस क्रशिंग सीजन में चीनी मिलें ऐसी फसल को स्वीकार नहीं करेंगी। उन्होंने बताया कि यह किस्में भारी गन्ना तो पैदा करती हैं, लेकिन इनमें चीनी की मात्रा कम होती है, जिससे उत्तरी क्षेत्र में चीनी उत्पादन प्रभावित हो रहा है। सरकार का यह कदम गन्ने की गुणवत्ता सुधारने और चीनी उद्योग की उत्पादकता बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया है।

















