ढाका : कुश्तिया शुगर मिल की शुरुआत वर्ष 1965-66 में हुई थी। शुरुआती वर्षों में मुनाफे में रहने वाली यह मिल 1990 के दशक के बाद लगातार घाटे में जाने लगी। बढ़ते नुकसान के बावजूद मिल को चालू रखने की कई कोशिशें की गईं, लेकिन आखिरकार यह टिक नहीं सकी। वर्ष 2020-21 में अकेले मिल को 57.56 करोड़ टका का घाटा हुआ, जिसके बाद इसकी क्रशिंग गतिविधियां बंद कर दी गईं। पिछले चार वर्षों से मिल बंद होने के कारण लगभग 100 करोड़ टका मूल्य की मशीनरी और स्पेयर पार्ट्स बिना रखरखाव के खराब हो रहे हैं। मशीनों में जंग लग रही है और कई उपकरण अनुपयोगी होने की कगार पर पहुंच चुके हैं।
हालांकि, चीनी उत्पादन पूरी तरह बंद है, फिर भी सरकार यहां कार्यरत 75 अधिकारियों और कर्मचारियों के वेतन व अन्य खर्चों पर हर महीने लगभग 25 लाख टका खर्च कर रही है। बताया जा रहा है कि, काम न होने के कारण कई कर्मचारी सिर्फ औपचारिक रूप से कार्यालय आते हैं और समय बिताकर लौट जाते हैं। सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती दौर में लाभ में रहने वाली इस मिल को राजनीतिक हस्तक्षेप, अत्यधिक भर्ती और भ्रष्टाचार ने धीरे-धीरे घाटे में पहुंचा दिया। मिल बंद होने तक इसका कुल संचयी घाटा 606 करोड़ टका तक पहुंच चुका था।
मिल की 220 एकड़ संपत्ति में से कुछ जमीन और तालाब पट्टे पर देकर सालाना केवल 27 लाख टका की आय हो रही है।दूसरी ओर, मिल के 202 मजदूरों और कर्मचारियों का लगभग 23.48 करोड़ टका बकाया है। भुगतान न मिलने के कारण उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। रिटायर्ड वर्कर्स, एम्प्लॉइज एंड ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष अब्दुल कुद्दूस ने बताया कि, मिल बंद होने के समय 262 लोगों का करीब 21 करोड़ टका बकाया था। वर्ष 2025 तक 100 और कर्मचारी इस सूची में जुड़ गए, जिनका लगभग 3.5 करोड़ टका भुगतान बाकी है।
मिल बंद होने के दौरान 3 जून 2021 को गोदाम से 52.7 टन चीनी रहस्यमय तरीके से गायब हो गई थी। इस मामले में भ्रष्टाचार निरोधक आयोग (ACC) ने स्टोरकीपर फरीदुल हक समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इस घटना ने उस समय राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा विवाद खड़ा कर दिया था। कुश्तिया रेनविक, याजनेश्वर एंड कंपनी के प्रबंध निदेशक मोहम्मद हमीदुल इस्लाम ने कहा कि लंबे समय तक इस्तेमाल न होने पर मशीनों का खराब होना स्वाभाविक है। यदि तेल और ग्रीस से नियमित रखरखाव न किया जाए तो 25 से 40 प्रतिशत उपकरण पूरी तरह बेकार हो सकते हैं।


















