बैंकाक : खोन केन विश्वविद्यालय ने गन्ने की पत्तियों से बायो-ऑयल बनाने की नई तकनीक विकसित की है, जिसका उद्देश्य कृषि अपशिष्ट को कम करना और स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देना है। इस तकनीक की मदद से प्रतिदिन करीब 1,000 लीटर बायो-ऑयल तैयार किया जा सकता है। विश्वविद्यालय के अकादमिक सेवा कार्यालय के नेतृत्व में चल रहे इस शोध परियोजना में पायरोलिसिस तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। इस प्रक्रिया के तहत गन्ने की पत्तियों और ऊपरी हिस्सों को बिना ऑक्सीजन के अत्यधिक तापमान पर गर्म कर तरल जैव ईंधन में बदला जाता है। इस प्रक्रिया से बायोचार भी तैयार होता है, जो मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने वाला महत्वपूर्ण पदार्थ माना जाता है।
अकादमिक सेवा कार्यालय के निदेशक एसोसिएट प्रोफेसर चूचाट कमोलर्ट ने बताया कि, यह परियोजना गन्ना एवं चीनी बोर्ड के सहयोग से विकसित की गई है। इसका उद्देश्य किसानों की लागत कम करना और खेतों में कृषि अवशेष जलाने से होने वाले पर्यावरण प्रदूषण को रोकना है। उन्होंने बताया कि, शोधकर्ताओं ने इस बायो-ऑयल को प्लास्टिक कचरे से बने ईंधन के साथ मिलाकर कृषि मशीनों और मोटरसाइकिलों में इस्तेमाल करने का परीक्षण भी किया है। इससे धुएं और प्रदूषण में कमी देखने को मिली है। यह परियोजना मित्र फोल ग्रुप के सहयोग से आगे बढ़ाई जा रही है, जो इस तकनीक को व्यावसायिक रूप देने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ ऊर्जा नवाचार को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर काम कर रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस प्रोटोटाइप मशीन से प्रतिदिन लगभग 1,000 लीटर बायो-ऑयल तैयार किया जा सकता है। करीब 4 किलोग्राम गन्ने की पत्तियों से 1 लीटर तेल बनाया जाता है। इसके लिए पहले पत्तियों को 2 से 4 मिलीमीटर के छोटे टुकड़ों में काटा जाता है, फिर उन्हें 400 से 600 डिग्री सेल्सियस तापमान पर रिएक्टर चैंबर में गर्म किया जाता है।इसी बीच, नाखोन फानोम विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने जंगली घास “या ओई नू” से बायोएथेनॉल बनाने की तकनीक विकसित की है। इसका उपयोग कृषि इंजनों के वैकल्पिक ईंधन के रूप में किया जा सकता है।ऊर्जा इंजीनियरिंग कार्यक्रम के सहायक प्रोफेसर हरित ख्लोंगदी ने कहा कि, इस शोध का उद्देश्य जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम करना और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध उच्च शर्करा वाली वनस्पतियों का उपयोग बढ़ाना है।


















