महाराष्ट्र की गन्ना काटने वाली महिलाएं बनीं ‘डॉक्टर ताई’, खेतों में संभाल रहीं स्वास्थ्य की जिम्मेदारी

बीड: हर साल जब 32 वर्षीय साधना सतीश वाघमारे बीड जिले के अपने गांव कठोड़ा से छह महीने के लिए कोल्हापुर और कर्नाटक के गन्ना काटने के काम पर जाती हैं, तो स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी सबसे बड़ी परेशानी बन जाती है। चीनी मिलों के पास बने अस्थायी मजदूर शिविरों में इलाज मिलना बेहद मुश्किल होता है। द इंडियन एक्सप्रेस से बोलते हुए साधना ने कहा की, “काम करते समय कट लगना, बुखार, बदन दर्द, फंगल इंफेक्शन या दस्त जैसी समस्याएं आम हैं। लेकिन मजदूरी कटने के डर से हमें लगातार काम करना पड़ता है और इलाज तक पहुंच आसान नहीं होती।” लेकिन इस साल साधना जब घर लौटीं तो उनके पास सिर्फ काम की कमाई नहीं, बल्कि एक फर्स्ट-एड किट और नई पहचान भी थी। अब गांव के लोग उन्हें प्यार से ‘डॉक्टर ताई’ कहकर बुलाते हैं।

साधना उन महिलाओं में शामिल हैं जिन्हें ‘आरोग्य साथी’ योजना के तहत प्रशिक्षण दिया गया। यह बीड जिला प्रशासन और महिला ऊसतोड कामगार संघटना की साझेदारी से शुरू की गई एक पहल है, जिसका उद्देश्य दूर-दराज़ के खेतों में काम करने वाले प्रवासी गन्ना मजदूरों को प्राथमिक स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराना है। इस योजना के तहत हर 100 गन्ना मजदूरों पर एक महिला स्वयंसेवक का चयन ग्राम पंचायतों के जरिए किया गया और उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) से प्रशिक्षण और सहायता से जोड़ा गया। जिला प्रशासन के अनुसार इस पहल में 923 महिला गन्ना मजदूरों की पहचान की गई।

ChiniMandi WhatsApp Channel

साधना बताती हैं कि, इस प्रशिक्षण ने उन्हें खेतों में ही चोट और बीमारियों का प्राथमिक उपचार करना सिखाया। उन्होंने कहा, “अगर किसी को चोट लगती है तो पहले आयोडीन या डेटॉल से घाव साफ करना, एंटीसेप्टिक लगाना और पट्टी बांधना सिखाया गया। चोट गंभीर हो तो तुरंत नजदीकी PHC ले जाना होता है। बुखार, सर्दी, खांसी, गले का संक्रमण, दस्त और उल्टी जैसी तकलीफों के लिए कौन सी शुरुआती दवा देनी है, इसकी भी जानकारी दी गई। महिलाओं को मासिक धर्म के दौरान साफ-सफाई बनाए रखने और स्वच्छ पानी की मांग को लेकर भी प्रशिक्षित किया गया।”

यह पहल कई वर्षों से सूखा प्रभावित जिलों—जैसे बीड और हिंगोली—से हर साल पश्चिम महाराष्ट्र और कर्नाटक जाने वाले प्रवासी गन्ना मजदूरों के साथ काम कर रहे सामाजिक संगठनों के अनुभवों से शुरू हुई। ये मजदूर अक्सर अस्थायी बस्तियों में रहते हैं जहां पीने का पानी, शौचालय, सफाई और स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं होतीं।

‘आरोग्य सखी’ मॉडल की शुरुआत करीब तीन साल पहले महिला ऊसतोड कामगार संघटना ने मक़ाम (MAKAAM) , सोसाइटी फॉर प्रमोटिंग पार्टिसिपेटरी इकोसिस्टम मैनेजमेंट (SOPPECOM) और साथी (SATHI), अनुसंधान ट्रस्ट के सहयोग से की थी। बाद में इसे सरकार के सामने प्रस्तावित किया गया।

संगठन से जुड़ी मनीषा टोकले ने बताया कि, इस प्रयोग का उद्देश्य मजदूरों की निजी क्लीनिकों और मेडिकल दुकानों पर निर्भरता कम करना था। उन्होंने कहा, “छोटी-छोटी बीमारियों के लिए भी मजदूरों को निजी क्लीनिक जाना पड़ता था, जिससे पहले से कर्ज में डूबे परिवारों पर और आर्थिक बोझ बढ़ता था। इसलिए महिलाओं को स्वास्थ्य सहायता के लिए प्रशिक्षित किया गया।”

बीड जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितिन रहमान ने कहा कि, प्रशासन ने मजदूरों में बार-बार होने वाली बीमारियों को ध्यान में रखते हुए यह प्रशिक्षण तैयार किया। इसमें त्वचा संक्रमण, बार-बार बुखार, बदन दर्द और काम के दौरान लगने वाली चोटों के उपचार पर खास ध्यान दिया गया। हालांकि, सामाजिक कार्यकर्ताओं और मजदूरों का कहना है कि, सरकारी स्तर पर योजना लागू करते समय कई कमियां रहीं। जल्दबाजी में प्रशिक्षण पूरा किया गया, पर्याप्त मेडिकल किट नहीं दी गई और बाद में दवाओं की आपूर्ति भी नहीं हुई।

साधना वाघमारे ने भी बताया कि जो दवाइयां मिली थीं, वे कुछ ही दिनों में खत्म हो गईं क्योंकि पूरी मजदूर टोली एक ही किट पर निर्भर थी। सामाजिक कार्यकर्ता सीमा कुलकर्णी ने कहा कि, महिलाओं के मासिक धर्म और प्रजनन स्वास्थ्य को इस मॉडल में विशेष महत्व दिया गया था। उन्होंने बताया कि कई महिलाएं लगातार दर्द और बीमारी के बावजूद भारी काम करती रहती हैं। इस पहल का उद्देश्य उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना और अनावश्यक हिस्टरेक्टॉमी जैसी सर्जरी से बचाना भी था। बीड के जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. उल्हास गांदल ने कहा कि प्रशासन अब काम से लौट चुकी महिलाओं से चर्चा कर योजना की कमियों को समझेगा और उसके बाद इसे और बड़े स्तर पर लागू करने की तैयारी करेगा। इसके लिए अतिरिक्त फंड की मांग भी की गई है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here