फिजी : गन्ना भूमि पट्टे में किरायेदारों और जमीन मालिकों के हितों के बीच संतुलन जरूरी

सुवा: फिजी के iTaukei Land Trust Board (TLTB) ने कहा है कि, मौजूदा भूमि कानूनों में किरायेदारों के हितों को अधिक प्राथमिकता दी गई है, जबकि जमीन मालिकों को लंबे समय से उठानी पड़ रही आर्थिक और सामाजिक हानि को पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया है। कृषि पट्टों और गन्ना भूमि के उपयोग से जुड़े मुद्दों पर बोलते हुए TLTB के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोलोमोन नाटा ने कहा कि, Agricultural Landlord and Tenant Act (ALTA) जैसे कानून किरायेदारों के हितों की रक्षा तो करते हैं, लेकिन दशकों से जमीन पट्टे पर देने वाले iTaukei जमीन मालिकों के नुकसान को पूरी तरह नहीं देखते। उन्होंने कहा कि, जमीन मालिकों को कई तरह की हानियों का सामना करना पड़ता है। इनमें जमीन पर किए गए सुधारों का मुआवजा, छूटे हुए आर्थिक अवसर, 30 से 50 वर्षों में मिट्टी की उर्वरता में कमी, और पुश्तैनी जमीन से जुड़े सांस्कृतिक व पीढ़ियों के मूल्य शामिल हैं।

सोलोमोन नाटा ने यह भी माना कि, किरायेदार किसान और उनके परिवार लंबे समय से चीनी उद्योग की रीढ़ रहे हैं। कई परिवार पीढ़ियों से गन्ना खेती पर निर्भर हैं और उन्होंने पट्टे की अवधि के दौरान खेती में बड़ा निवेश किया है। उन्होंने कहा, इन योगदानों को नकारा नहीं जा सकता। लेकिन यह भी स्वीकार करना जरूरी है कि लंबे पट्टों के कारण कई जमीन मालिक अपनी जमीन की पूरी क्षमता का लाभ नहीं उठा पाए हैं। नाटा ने स्पष्ट किया कि, कुछ गन्ना भूमि को रणनीतिक विकास परिसंपत्ति के रूप में दोबारा चिन्हित करने का मतलब चीनी उद्योग की अनदेखी करना नहीं है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उनके मुताबिक, यह कदम एक बड़े राष्ट्रीय सवाल से जुड़ा है—किस तरह कृषि को जारी रखते हुए आर्थिक विविधीकरण, जमीन मालिकों की समृद्धि और आने वाली पीढ़ियों के लिए न्याय के बीच संतुलन बनाया जाए। TLTB ने कृषि पट्टाधारकों से पट्टे की शर्तों का पालन करने और समय पर किराया चुकाने की भी अपील की है।बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, कृषि पट्टे बकाया किराये की दूसरी सबसे बड़ी श्रेणी हैं। वर्तमान में 6,866 कृषि पट्टों पर कुल 7.48 मिलियन डॉलर का किराया बकाया है। इसमें से 3.47 मिलियन डॉलर सिर्फ गन्ना पट्टों से जुड़ा हुआ है। सोलोमोन नाटा ने कहा कि पट्टे की व्यवस्था जिम्मेदारी से चलनी चाहिए ताकि मूल भूमि के उपयोग से किरायेदारों और जमीन मालिकों—दोनों को समान और न्यायसंगत लाभ मिल सके।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here