बीड / मुंबई : महाराष्ट्र के बीड जिले की गन्ना महिला मजदूरों से जुड़ा एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मुद्दा अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। जिले में कई महिला मजदूरों को काम का एक भी दिन न छूटे, इस मजबूरी में गर्भाशय निकलवाने (हिस्टेरेक्टॉमी) जैसी बड़ी सर्जरी कराने के आरोपों ने देश-विदेश का ध्यान खींचा है।फ्रांस के प्रमुख मीडिया प्लेटफॉर्म ‘कलटिनेशन’ ने 21 मई को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर इस मुद्दे को लेकर एक पोस्ट साझा की। दैनिक लोकमत में प्रकाशित खबर के अनुसार, शनिवार तक इस पोस्ट को करीब 80 लाख लोग देख चुके हैं। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया के बाद स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। मीडिया पोस्ट में ‘द गार्डियन’ की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा गया है कि, भारत में गन्ना महिला मजदूरों को मासिक धर्म, गर्भावस्था या गर्भपात के कारण काम से अनुपस्थित न रहना पड़े, इसलिए कई महिलाएं गर्भाशय निकलवाने का फैसला करने को मजबूर हो रही हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, बीड जिले में गन्ना मजदूरी ‘जोड़़ी’ प्रणाली के तहत होती है, जहां पति-पत्नी मिलकर काम करते हैं। इनमें से अधिकांश परिवार कर्ज के बोझ तले दबे होते हैं और उन्हें बिना छुट्टी लिए रोजाना 12 से 14 घंटे तक कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। ऐसे हालात में कई महिलाओं को लगता है कि, लगातार काम जारी रखने के लिए यही एकमात्र रास्ता बचता है।लोकमत ने दावा किया है की, उनके द्वारा इस गंभीर मुद्दे को सबसे पहले स्थानीय स्तर पर प्रमुखता से उठाया गया था। इसके बाद महिला मजदूरों के स्वास्थ्य को लेकर विशेष योजनाएं शुरू की गई थीं। अब अंतरराष्ट्रीय मीडिया में मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने दोबारा जांच शुरू करने का आश्वासन दिया है। स्वास्थ्य विभाग इस पूरे मामले से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगा है। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि, गन्ना महिला मजदूरों की स्वास्थ्य स्थिति, हिस्टेरेक्टॉमी के मामलों और इसके सामाजिक-आर्थिक कारणों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। यह मामला सिर्फ स्वास्थ्य का नहीं, बल्कि महिला श्रमिकों की कार्यस्थितियों, आर्थिक मजबूरी और श्रम व्यवस्था से जुड़े बड़े सवाल भी खड़े कर रहा है।


















