महाराष्ट्र : कृष्णा चीनी मिल चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण की सतर्क रणनीति, क्या विधानसभा हार का राजनीतिक जवाब देंगे?

सातारा : सातारा और सांगली जिले के सहकार क्षेत्र की अहम मानी जाने वाली यशवंतराव मोहिते कृष्णा सहकारी चीनी मिल के चुनाव में प्रचार तेज हो गया है। चुनावी मुकाबले के बीच अब सबकी नजर पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण और उनके समर्थक कांग्रेस गुट की भूमिका पर टिकी हुई है। राजनीतिक गलियारों में यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या चव्हाण विधानसभा चुनाव में मिली हार का जवाब इस चीनी मिल चुनाव के जरिए देने की रणनीति बना रहे हैं। फिलहाल कृष्णा कारखाना चुनाव में डॉ. सुरेश भोसले के जयवंतराव भोसले सहकार पैनल और पूर्व अध्यक्ष अविनाश मोहिते के कृषिमहर्षी आबासाहेब मोहिते संस्थापक पैनल के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है। लेकिन कराड दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस और पृथ्वीराज चव्हाण गुट किस पक्ष का समर्थन करेगा, इसे लेकर अब भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। आपको बता दे की, विधानसभा चुनाव में भाजपा के डॉ. अतुल भोसले ने चव्हाण को कड़ी शिकस्त दी थी। विधायक डॉ. अतुल भोसले और उनके पिता और मिल के अध्यक्ष डॉ. सुरेश भोसले इस मिल के चुनाव में सत्ताधारी गुट का नेतृत्व कर रहे है।

राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि, पृथ्वीराज चव्हाण खुलकर मैदान में उतरने के बजाय किसी मजबूत गुट को पर्दे के पीछे से समर्थन देने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। माना जा रहा है कि, वे अपने समर्थकों को फिलहाल संयम बरतने और सही समय का इंतजार करने का संदेश दे रहे हैं। अगर कृष्णा चीनी मिल चुनाव के इतिहास पर नजर डालें तो कराड दक्षिण में कांग्रेस और पृथ्वीराज चव्हाण की ताकत पहले डॉ. इंद्रजीत मोहिते के नेतृत्व वाले गुट के साथ मजबूती से खड़ी रही है। लेकिन इस बार राजनीतिक समीकरण बदले हुए हैं और परिस्थिति पहले जैसी नहीं है। इस चुनाव में डॉ. इंद्रजीत मोहिते गुट सीधे चुनावी मैदान से दूर है। ऐसे में कांग्रेस विचारधारा से जुड़े सदस्य और मतदाता असमंजस की स्थिति में हैं। पारंपरिक सहयोगी और पुराने राजनीतिक साथी चुनावी मुकाबले में सक्रिय नहीं होने से कार्यकर्ताओं और समर्थकों में बेचैनी देखी जा रही है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

वहीं, पिछले कुछ वर्षों में कराड दक्षिण कांग्रेस में अंदरूनी मतभेद और टूट-फूट की भी चर्चा रही है। कई स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग राजनीतिक रास्ते चुन लिए हैं, जिससे क्षेत्र में कांग्रेस की संगठनात्मक ताकत कमजोर हुई है।ऐसे में पृथ्वीराज चव्हाण के सामने अपने बचे हुए निष्ठावान कार्यकर्ताओं को एकजुट बनाए रखते हुए राजनीतिक फैसला लेने की बड़ी चुनौती है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि नामांकन वापसी की अंतिम तारीख तक वे क्या रुख अपनाते हैं और अपने समर्थकों को क्या संदेश देते हैं। फिलहाल उनके समर्थक ‘वेट एंड वॉच’ की भूमिका में हैं और कृष्णा कारखाना चुनाव की राजनीति में पृथ्वीराज चव्हाण के अगले कदम का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here