नई दिल्ली: पसुपति एक्रिलॉन लिमिटेड ने अपने एथेनॉल प्लांट की उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए करीब 25 करोड़ रुपये निवेश करने की घोषणा की है। कंपनी अपने मौजूदा प्लांट की क्षमता 180 किलोलीटर प्रतिदिन से बढ़ाकर 240 किलोलीटर प्रतिदिन करेगी। कंपनी के निदेशक मंडल ने 25 मई 2026 को हुई बैठक में इस विस्तार परियोजना को मंजूरी दी। कंपनी का लक्ष्य दिसंबर 2026 के अंत तक इस काम को पूरा करना है।
यह विस्तार उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के ठाकुरद्वारा स्थित कंपनी के मौजूदा प्लांट में किया जाएगा। इसके लिए नया प्लांट नहीं बनाया जाएगा, बल्कि वर्तमान यूनिट में तकनीकी सुधार और क्षमता अनुकूलन (डिबॉटलनेकिंग) के जरिए उत्पादन बढ़ाया जाएगा। कंपनी ने बताया कि, फिलहाल उसका एथेनॉल प्लांट 100 प्रतिशत क्षमता पर काम कर रहा है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों से बढ़ती मांग को देखते हुए उत्पादन में 60 किलोलीटर प्रतिदिन की अतिरिक्त बढ़ोतरी की जा रही है। इस परियोजना के लिए जरूरी पूरी राशि कंपनी अपने आंतरिक संसाधनों (Internal Accruals) से जुटाएगी।कंपनी का मानना है कि, क्षमता विस्तार से बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी और इथेनॉल क्षेत्र में उसकी स्थिति और मजबूत होगी।


















