महाराष्ट्र : गन्ना भुगतान को लेकर मराठवाडा के किसानों का प्रदर्शन तेज; आयुक्त और जिलाधिकारी से लगाई मदद की गुहार

छत्रपति संभाजीनगर: खरीफ सीजन सिर पर है और बच्चों के स्कूल-कॉलेज में दाखिले की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है, लेकिन गन्ना किसानों को अब तक उनका भुगतान नहीं मिला है। बकाया गन्ना बिल नहीं मिलने से किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। इसी को लेकर किसानों ने सोमवार को आंदोलन किया। किसानों ने सबसे पहले मंडल आयुक्त से मुलाकात कर अपनी समस्या रखी। इसके बाद क्षेत्रीय सहनिदेशक (चीनी) कार्यालय पहुंचकर पूरे दिन धरना दिया। वहां से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलने पर शाम को किसानों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई।

किसानों का कहना है कि, वर्ष 2025-26 पेराई सत्र में गन्ना आपूर्ति करने के बावजूद छत्रपति संभाजीनगर के पैठण, जालना जिले के अंबड, घनसावंगी और गेवराई क्षेत्र के किसानों को अभी तक भुगतान नहीं मिला है। पेराई सत्र खत्म हुए करीब तीन महीने हो चुके हैं, लेकिन अब तक भुगतान लंबित है। किसानों ने आरोप लगाया कि, दो महीने पहले भी प्रशासन को ज्ञापन देकर बकाया भुगतान की मांग की गई थी और आंदोलन की चेतावनी भी दी गई थी, लेकिन उसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

ChiniMandi WhatsApp Channel

प्रदर्शन कर रहे किसानों ने कहा कि, खरीफ बुवाई शुरू हो रही है, बच्चों की पढ़ाई के लिए फीस भरनी है और कई परिवारों के पास रोजमर्रा का खर्च चलाने तक के पैसे नहीं हैं। ऐसे में गन्ना भुगतान जल्द से जल्द किया जाए। प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र राज्य के चीनी आयुक्त, पुणे ने 22 मई 2026 को मे. सचिन घायाळ शुगर्स प्रा. लि., पैठण के खिलाफ कार्रवाई के आदेश जारी किए हैं। बताया गया कि, चीनी मिल पर वर्ष 2025-26 का करीब 19.49 करोड़ रुपये एफआरपी बकाया है। इस पर 15 प्रतिशत ब्याज भी लगाया गया है। यह राशि जमीन राजस्व बकाया मानते हुए वसूल की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि, बकाया वसूली के लिए मिल में तैयार चीनी, शीरा (मोलासिस), बगास जैसे उत्पादों की बिक्री की जा सकती है। जरूरत पड़ने पर मिल की चल-अचल संपत्ति जब्त कर उसे बेचने की कार्रवाई भी की जाएगी।

नियमों के मुताबिक गन्ना पेराई के 14 दिनों के भीतर भुगतान करना अनिवार्य है। लेकिन किसानों का आरोप है कि, संबंधित चीनी मिल पिछले तीन महीनों से उन्हें भुगतान के लिए इंतजार करा रही है। किसानों ने मांग की कि बकाया राशि ब्याज सहित उनके खातों में जमा कराई जाए, अन्यथा मिल की संपत्ति बेचकर भुगतान कराया जाए। शाम को रयत क्रांति संगठन और स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के पदाधिकारियों के साथ किसान जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान प्रशासन ने संबंधित चीनी मिल का ऑडिट कराने और रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए।अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि, ऑडिट रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here