मुंबई: महाराष्ट्र के चीनी उद्योग पर आर्थिक संकट लगातार गहराता जा रहा है। राज्य के कई चीनी मिलों पर कर्ज का बोझ बढ़ने से उद्योग गंभीर मुश्किलों का सामना कर रहा है। यह चिंता राज्य के मंत्री हसन मुश्रीफ ने व्यक्त की। उन्होंने बताया कि, हालात इतने गंभीर हैं कि एक चीनी मिलर ने उनसे कहा कि अब “सामूहिक आत्महत्या की नौबत” आ गई है।मीडिया से बातचीत में हसन मुश्रीफ ने कहा कि, चीनी उद्योग और प्याज उत्पादकों की समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री दिल्ली दौरे पर गए हैं। उन्होंने कहा कि, बढ़ती लागत, बैंकों का कर्ज और आर्थिक दबाव के कारण चीनी उद्योग संकट में फंस गया है।
मंत्री मुश्रीफ ने केंद्र सरकार से मांग की कि चीनी मिलों को राहत देने के लिए सॉफ्ट लोन उपलब्ध कराया जाए, कर्ज का पुनर्गठन किया जाए और एथेनॉल के दाम बढ़ाए जाएं। उनका मानना है कि ऐसे कदमों से चीनी उद्योग को राहत मिल सकती है।इस दौरान उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की बैठक को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि, पार्टी की बैठक में सभी विधायक और सांसद मौजूद थे और सभी ने सुनेत्रा पवार के समर्थन में एकजुटता दिखाई।वहीं 2029 के चुनावों को लेकर उन्होंने भरोसा जताया कि, महायुति एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा, शिवसेना शिंदे गुट और महायुति के सभी सहयोगी दल मिलकर चुनाव मैदान में उतरेंगे।


















