कुशीनगर : उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के गन्ना किसानों को गन्ने का रकबा कम होने के बावजूद बेहतर उत्पादन और गन्ना मूल्य में वृद्धि के कारण पिछले चार वर्षों में सबसे अधिक भुगतान मिला है। मौजूदा पेराई सत्र में किसानों ने चीनी मिलों को गन्ना बेचकर रिकॉर्ड कमाई की है। हिंदुस्तान में प्रकाशित खबर के मुताबिक, जिले के करीब 2.15 लाख किसानों ने कुशीनगर की चार सहित कुल छह चीनी मिलों को 274.49 लाख क्विंटल गन्ने की आपूर्ति की। इसके बदले किसानों को 10 अरब 81 करोड़ 27 लाख रुपये का भुगतान प्राप्त हुआ है। गन्ने का समर्थन मूल्य 370 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 400 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने का भी किसानों को सीधा लाभ मिला।
कुशीनगर कभी चीनी उद्योग का बड़ा केंद्र माना जाता था। पहले जिले में नौ चीनी मिलें संचालित थीं, लेकिन समय के साथ कई मिलें बंद हो गईं। वर्तमान में जिले में चार चीनी मिलें चालू हैं। इसके बावजूद किसानों ने उत्पादन बनाए रखा और बेहतर कीमत मिलने से उनकी आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पेराई सत्र 2025-26 में जिले के किसानों ने लगभग 96 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने की खेती की। अच्छी पैदावार और समय पर मिलों में आपूर्ति के कारण किसानों को रिकॉर्ड भुगतान मिला है। गन्ना विभाग के अनुसार, समय पर भुगतान और गन्ना मूल्य में बढ़ोतरी इसकी बड़ी वजह है।जिले के किसान खड्डा, सेवरही, रामकोला और ढाढ़ा के अलावा गोरखपुर के पिपराइच और महराजगंज के गड़ौरा चीनी मिलों को भी गन्ना सप्लाई कर रहे हैं। जिला गन्ना अधिकारी हुदा सिद्दीकी ने बताया कि, इस बार गन्ना किसानों को पिछले चार वर्षों में सर्वाधिक भुगतान हुआ है, जिससे जिले के किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।


















