कच्चे तेल पर निर्भरता घटाने की दिशा में भारत का बड़ा कदम; एथेनॉल, हाइड्रोजन और सौर ऊर्जा पर बढ़ा जोर : गोपालन

नई दिल्ली: भारत कच्चे तेल के आयात पर अपनी निर्भरता कम करने के लिए तेजी से वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों की ओर बढ़ रहा है। नवभारत में प्रकाशित खबर के अनुसार, पूर्व बीपीसीएल प्रमुख कृष्णकुमार गोपालन ने पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण (E20) को इस दिशा में एक बड़ा और निर्णायक कदम बताया। उनका कहना है कि, इससे विदेशी तेल पर निर्भरता धीरे-धीरे कम होगी और देश ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की ओर बढ़ेगा। गोपालन ने कहा कि, E20 ईंधन की शुरुआत भारत के ऊर्जा परिवर्तन का पहला मजबूत कदम है। इसके बाद देश का फोकस सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर है। उन्होंने बताया कि भविष्य की जरूरतों को देखते हुए तेल कंपनियां अब पारंपरिक पेट्रोल पंपों की तरह हाइड्रोजन रिटेल आउटलेट्स शुरू करने की संभावनाओं पर भी काम कर रही हैं।

उन्होंने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद देश में ईंधन आपूर्ति को स्थिर बनाए रखने के लिए सरकारी तेल कंपनियों की सराहना की। गोपालन ने कहा कि, कुछ स्थानीय तकनीकी चुनौतियों को छोड़ दें तो देश में कहीं भी ईंधन संकट की स्थिति नहीं बनने दी गई। तेल विपणन कंपनियों ने अपने वैश्विक नेटवर्क और मजबूत आपूर्ति प्रबंधन के जरिए देशभर में ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित की। ईंधन की कीमतों पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने के बावजूद घरेलू बाजार में पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित रखा गया। इसका वित्तीय दबाव तेल कंपनियों ने खुद उठाया है। उनके अनुसार, कंपनियों को पेट्रोल पर लगभग 13 से 14 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर करीब 38 रुपये प्रति लीटर तक की अंडर-रिकवरी झेलनी पड़ रही है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

हालांकि, उन्होंने राहत की उम्मीद भी जताई। गोपालन ने कहा कि, वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के संकेत मिल रहे हैं। साथ ही तेल उत्पादक देशों और उपभोक्ता देशों के बीच चल रही कूटनीतिक बातचीत भी सकारात्मक दिशा में बढ़ रही है। इससे आने वाले समय में तेल कंपनियों को नुकसान की भरपाई करने में मदद मिल सकती है और घरेलू बाजार में ईंधन कीमतों पर दबाव कम हो सकता है। उन्होंने कहा कि, भारत का दीर्घकालिक भविष्य हरित ऊर्जा से जुड़ा है। देश में सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा, एथेनॉल उत्पादन और ग्रीन हाइड्रोजन परियोजनाओं के विस्तार से न केवल आयात बिल कम होगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी। राष्ट्रीय ग्रीन हाइड्रोजन मिशन जैसे प्रयास भारत को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभाएंगे।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here