पेरिस : फ्रांस की प्रमुख चीनी और एथेनॉल सहकारी कंपनी टेरेओस (Tereos) ने वित्त वर्ष 2025-26 में 590 मिलियन यूरो के नुकसान की घोषणा की है। कंपनी ने चेतावनी दी है कि, आने वाला 2026-27 सीजन और भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है। कमजोर चीनी कीमतें, बढ़ती लागत और ब्राजील में गन्ने की कम उपलब्धता कंपनी के प्रदर्शन पर भारी पड़ रही है।टेरेओस के अनुसार, कंपनी का राजस्व घटकर 5.13 अरब यूरो रह गया, जबकि पिछले वर्ष यह 5.93 अरब यूरो था। पिछले साल लाभ में रहने वाली कंपनी इस बार घाटे में पहुंच गई। कंपनी ने इसके पीछे कम चीनी कीमतें, ब्राजील में गन्ने की कम पेराई, मुद्रा विनिमय दरों में उतार-चढ़ाव और 499 मिलियन यूरो की गैर-नकद संपत्ति मूल्य कटौती को प्रमुख कारण बताया है।
कंपनी ने अगले वित्त वर्ष के लिए EBITDA (ब्याज, कर, मूल्यह्रास और परिशोधन से पहले आय) का अनुमान 275 से 350 मिलियन यूरो के बीच लगाया है, जो पिछले वर्ष के 416 मिलियन यूरो से काफी कम है। यह संकट केवल टेरेओस तक सीमित नहीं है। यूरोप की सबसे बड़ी चीनी उत्पादक कंपनी Suedzucker ने भी हाल ही में संकेत दिया था कि चीनी बाजार में यह मंदी आगे भी बनी रह सकती है। अप्रैल में वैश्विक बाजार में पर्याप्त आपूर्ति के चलते चीनी वायदा कीमतें पांच साल के निचले स्तर पर पहुंच गई थीं। वहीं यूरोप में पिछले दो वर्षों में चीनी की कीमतों में करीब 40 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।
कंपनी का कर्ज दबाव भी तेजी से बढ़ा है। टेरेओस का लेवरेज रेशियो 2.8 गुना से बढ़कर 5.4 गुना पहुंच गया है, जो बढ़ते वित्तीय दबाव का संकेत है। इसे नियंत्रित करने के लिए कंपनी ने पूंजीगत खर्च में कटौती, लागत कम करने और गैर-जरूरी परिसंपत्तियों की बिक्री की योजना बनाई है। कंपनी 2026-27 में अपने शुद्ध कर्ज को 2.2 से 2.4 अरब यूरो के बीच स्थिर रखने का लक्ष्य लेकर चल रही है।टेरेओस को उम्मीद है कि, 2027 के बाद चीनी बाजार में धीरे-धीरे सुधार होगा, जिससे 2028 तक कंपनी का लेवरेज रेशियो करीब 3 गुना तक आ सकता है। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक चीनी कीमतों में सुधार नहीं होता, तब तक कंपनी की निवेश क्षमता और वित्तीय लचीलापन दबाव में रह सकता है—खासतौर पर ब्राजील में चीनी और एथेनॉल कारोबार के विस्तार को लेकर।















