चेन्नई : तमिलनाडु में राशन कार्ड धारकों के लिए जल्द ही तूर दाल और चीनी पैकेटबंद रूप में उपलब्ध कराई जाएगी। राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री पी. वेंकटरमणन ने कहा कि, राशन दुकानों पर कम तौल की शिकायतों को रोकने के लिए विभाग यह नई व्यवस्था लागू करने जा रहा है। मंत्री ने बताया कि, सरकार की योजना है कि तूर दाल, चीनी के साथ-साथ चावल भी पैकेट में उपलब्ध कराया जाए। इस दिशा में काम तेजी से चल रहा है। गौरतलब है कि, पिछले वर्ष सेलम जिले की कुछ राशन दुकानों में चीनी और तूर दाल पैकेट में बेचने की शुरुआत की गई थी। अब सरकार इसे पूरे राज्य में लागू करने की तैयारी कर रही है।
धान खरीद को लेकर किसानों से प्रति बोरी रिश्वत लेने की शिकायतों पर मंत्री ने कहा कि, धान खरीद केंद्रों पर काम करने वाले श्रमिकों को तमिलनाडु सिविल सप्लाईज कॉर्पोरेशन की ओर से प्रति बोरी भुगतान किया जाता है। प्रशासनिक कारणों से भुगतान में देरी हुई थी, लेकिन अब अधिकारियों को जल्द भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। तूर दाल और खाद्य तेल की खरीद प्रक्रिया को लेकर मंत्री ने कहा कि ई-टेंडर प्रणाली पूरी तरह पारदर्शी होगी। खरीद हर तीन महीने में की जाएगी और तय समय में आपूर्ति नहीं करने वाली कंपनियों पर जुर्माना लगाया जाएगा।


















