कैरेबियाई चीनी उद्योग को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम, बारबाडोस बैठक में SAC ने दोहराया संकल्प

बारबाडोस : कैरेबियन शुगर एसोसिएशन (SAC) ने बारबाडोस में आयोजित अपनी 177वीं बोर्ड बैठक में क्षेत्रीय चीनी उद्योग के आधुनिकीकरण, जलवायु परिवर्तन से मुकाबले और क्षेत्रीय व्यापार को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।बैठक में चीनी उद्योग के भविष्य को लेकर कई अहम फैसले लिए गए।बैठक का एक प्रमुख निर्णय मैक मैकलॉचलिन को दोबारा चेयरमैन चुना जाना रहा। बोर्ड का मानना है कि, ऐसे समय में नेतृत्व की निरंतरता जरूरी है, जब कैरेबियाई चीनी उद्योग बड़े बदलाव और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के दौर से गुजर रहा है।

बैठक में CARICOM सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और उद्योग उन्नयन, कृषि नवाचार और क्षेत्रीय नीति समन्वय जैसे मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान कैरेबियन शुगर रिफाइनरी (CSR) परियोजना की प्रगति की समीक्षा भी की गई। 1.25 करोड़ अमेरिकी डॉलर की यह संयुक्त परियोजना क्षेत्र में सफेद रिफाइंड चीनी के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई है। यह परियोजना 2026 की तीसरी तिमाही तक पूरी होने की उम्मीद है। इसके पूरा होने से क्षेत्र को बाहर से चीनी आयात पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।

ChiniMandi WhatsApp Channel

बैठक में वेस्ट इंडीज सेंट्रल शुगर केन ब्रीडिंग स्टेशन के रिसर्च डायरेक्टर एंड्रयू स्टाउट ने जलवायु-अनुकूल गन्ना किस्मों पर चल रहे शोध की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सूखा, मिट्टी में बढ़ती लवणता और अनियमित बारिश जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए नई गन्ना किस्में विकसित की जा रही हैं। इसी साल यह संस्थान “डेवलपिंग क्लाइमेट रेजिलिएंट शुगरकेन” विषय पर एक अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला की मेजबानी भी करेगा, जिसमें करीब 80 वैज्ञानिक भाग लेंगे। SAC के अनुसार 2025–26 में क्षेत्रीय चीनी उत्पादन 2.41 लाख टन से अधिक रहा, जो CARICOM देशों की घरेलू ब्राउन शुगर मांग को पूरा करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

चेयरमैन मैक मैकलॉचलिन ने कहा कि, अब कैरेबियाई चीनी उद्योग केवल यूरोप को कच्ची चीनी निर्यात करने तक सीमित नहीं है। यह अब खाद्य सुरक्षा, आधुनिक जैव-प्रौद्योगिकी और टिकाऊ उत्पादन का मजबूत आधार बनता जा रहा है।बारबाडोस दौरे के दौरान SAC प्रतिनिधियों ने बारबाडोस की प्रधानमंत्री मिया अमोर मोटली और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी बैठक की। इसमें खाद्य सुरक्षा, आर्थिक विकास, क्षेत्रीय व्यापार और कृषि मूल्य श्रृंखला को मजबूत करने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। SAC ने इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन आर. कार्ल जेम्स को भी सम्मानित किया, जिन्होंने 1998 से 2023 तक संगठन का नेतृत्व किया।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here