नई दिल्ली: देशभर में मानसून को लेकर चिंता गहरा गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को जारी अपने ताज़ा अनुमान में कहा कि इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून की बारिश सामान्य से केवल 90 प्रतिशत रहने की संभावना है। यह अप्रैल में जारी 92 प्रतिशत के अनुमान से भी कम है। इसके साथ ही कई राज्यों में सामान्य से अधिक लू वाले दिनों की आशंका जताई गई है। आईएमडी के अनुसार जून में कमजोर अल नीनो की स्थिति बनने की संभावना है, जो मानसून सीजन के दूसरे हिस्से में और मजबूत हो सकती है। अल नीनो का असर आमतौर पर भारत में कम बारिश के रूप में देखा जाता है।
मौसम विभाग ने कहा कि, देश में इस बार औसत से कम वर्षा होने की संभावना अधिक है। पूर्वोत्तर भारत में सामान्य बारिश हो सकती है, लेकिन उत्तर-पश्चिम, मध्य और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में मानसून कमजोर रहने का अनुमान है।आईएमडी ने यह भी चेतावनी दी कि, जून 2026 में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, गुजरात और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में सामान्य से ज्यादा लू चल सकती है। वहीं महाराष्ट्र, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश और तमिलनाडु के कुछ इलाकों में भी गर्मी का असर तेज रहने की संभावना है।
इससे पहले अप्रैल में आईएमडी ने मानसून 92 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया था, जिसे “सामान्य से कम” बताया गया था। अब नया अनुमान और नीचे आने से कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।भारत की लगभग 51 प्रतिशत खेती वर्षा पर निर्भर है और देश की बड़ी आबादी कृषि से अपनी आजीविका चलाती है। ऐसे में कमजोर मानसून का असर फसल उत्पादन, ग्रामीण मांग और खाद्य कीमतों पर पड़ सकता है।विशेषज्ञों का मानना है कि यदि मानसून कमजोर रहता है तो खेती की लागत बढ़ सकती है और खाद्यान्न उत्पादन प्रभावित हो सकता है। इससे महंगाई पर भी दबाव बढ़ने की आशंका है।गौरतलब है कि इससे पहले वर्ष 2023 में भी अल नीनो के दौरान देश में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई थी।


















