जॉर्जटाउन: गुयाना के कृषि मंत्री जुल्फिकार मुस्तफा ने सऊदी एकसाब (Saudi Eksab) के अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक कर देश के कृषि क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कंपनी के मुख्य निवेश अधिकारी नाइफ अलिसा ने किया। गुयाना के कृषि मंत्रालय के अनुसार, बैठक में मुख्य रूप से बीफ उत्पादन और स्केल्डन एस्टेट में चीनी उत्पादन में निवेश के अवसरों पर बातचीत हुई। बैठक के दौरान मंत्री मुस्तफा ने पशुपालन क्षेत्र के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे निवेश की जानकारी दी।
बैठक में चीनी उद्योग, विशेष रूप से स्केल्डन एस्टेट में निवेश और साझेदारी की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।सरकार इस एस्टेट की उत्पादन क्षमता बढ़ाने और इसके बेहतर उपयोग के लिए नए निवेशकों के साथ सहयोग तलाश रही है। कृषि मंत्रालय के मुताबिक सऊदी एकसाब एक अंतरराष्ट्रीय निवेश संस्था है, जो उभरते और विकासशील देशों में दीर्घकालिक रणनीतिक निवेश और साझेदारी को बढ़ावा देने पर काम करती है।


















