पुणे (महाराष्ट्र) : राज्य के चीनी आयुक्त डॉ. संजय कोलते ने कहा कि, केवल चीनी उत्पादन के भरोसे अब चीनी उद्योग लंबे समय तक टिक नहीं सकता। उद्योग को मजबूत बनाए रखने के लिए चीनी के साथ-साथ एथेनॉल, सह-ऊर्जा (को-जनरेशन) और अन्य उप-उत्पादों पर भी ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि, चीनी मिलों को आय बढ़ाने के लिए नए स्रोत तलाशने होंगे, तभी यह उद्योग भविष्य में टिकाऊ बन सकेगा। डॉ. कोलते पुणे में वेस्ट इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन (विस्मा) द्वारा आयोजित ‘शुगर एंड बायोएनर्जी’ विषयक सम्मेलन में बोल रहे थे।उन्होंने बताया कि, राज्य का मौजूदा पेराई सत्र हाल ही में समाप्त हुआ है। इस वर्ष महाराष्ट्र में 16.53 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने की खेती हुई और 1300 लाख मीट्रिक टन से अधिक गन्ने का उत्पादन दर्ज किया गया।राज्य में 1045 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा गन्ने की पेराई हुई, जबकि 210 चीनी मिलों ने इस सीजन में संचालन किया।
डॉ. कोलते ने कहा कि, महाराष्ट्र में फिलहाल 156 एथेनॉल परियोजनाएं चालू हैं। इनमें 84 सहकारी और 72 निजी परियोजनाएं शामिल हैं। राज्य की कुल एथेनॉल उत्पादन क्षमता 297 करोड़ लीटर है। पिछले वर्ष तेल कंपनियों को 104 करोड़ लीटर एथेनॉल की आपूर्ति की गई। उन्होंने बताया कि, राज्य के एथेनॉल उद्योग का कुल कारोबार 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुका है। उन्होंने चीनी मिलों से अपील की कि, वे बदलते समय के साथ आय के नए विकल्पों पर काम करें, जिससे उद्योग आर्थिक रूप से और मजबूत बन सके।
कार्यक्रम में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, राज्य के सहकार मंत्री बाबासाहेब पाटिल, ‘विस्मा’ के अध्यक्ष बी.बी. ठोंबरे, महासचिव पांडुरंग राऊत, कोषाध्यक्ष महेश देशमुख, निदेशक रोहित नारा, कार्यकारी निदेशक अजित चौगुले सहित बड़ी संख्या में चीनी मिलर्स उपस्थित थे।


















