जिनेवा / हरारे : जिम्बाब्वे सरकार ने फैसला किया है कि, शुगर टैक्स और स्वास्थ्य से जुड़े अन्य करों से मिलने वाली राशि का उपयोग केवल स्वास्थ्य क्षेत्र में ही किया जाएगा। इस धनराशि को अब अन्य सरकारी जरूरतों में खर्च नहीं किया जाएगा। स्वास्थ्य एवं बाल देखभाल मंत्री डगलस मोम्बेशोरा ने कहा कि, सरकार स्वास्थ्य कार्यक्रमों के लिए जुटाई गई राशि को सुरक्षित रखने की दिशा में कदम उठा रही है, ताकि यह धन केवल स्वास्थ्य सेवाओं और योजनाओं में इस्तेमाल हो।
उन्होंने कहा कि, अब तक सबसे बड़ी समस्या यही रही कि स्वास्थ्य के लिए जुटाया गया पैसा कई बार अन्य जरूरतों में चला जाता था, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं के लिए धन की कमी बनी रहती थी। सरकार अब इस व्यवस्था को बदलना चाहती है।मंत्री ने बताया कि शुगर टैक्स और फास्ट-फूड टैक्स लागू करने का उद्देश्य लोगों में मीठे पेय पदार्थों और जंक फूड के अत्यधिक सेवन को कम करना है। इसके साथ ही इससे मिलने वाली आय का उपयोग स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने में किया जाएगा।
सरकार का मानना है कि मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा और हृदय रोग जैसी गैर-संचारी बीमारियों के बढ़ते मामलों से निपटने के लिए यह जरूरी कदम है। मंत्री ने कहा कि सिर्फ टैक्स लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना भी उतना ही जरूरी है। इसके लिए परिवारों और समुदायों में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।सरकार का कहना है कि यदि शुगर टैक्स से मिलने वाली पूरी राशि स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सुरक्षित रखी जाती है, तो अस्पतालों और स्वास्थ्य कार्यक्रमों के लिए फंड की कमी काफी हद तक दूर हो सकती है।


















