पुणे: शहर की खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) इकाई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मिलावट के उद्देश्य से रखे गए 16 टन गुड़, 20 टन चीनी जब्त की। एफडीए अधिकारियों ने बताया कि, गुड़ में चीनी मिलाना मिलावट की श्रेणी में आता है, क्योंकि इससे उपभोक्ताओं को भ्रमित किया जाता है। विशेष रूप से मधुमेह के मरीज, जो स्वास्थ्यवर्धक विकल्प के रूप में गुड़ का सेवन करते हैं, ऐसे मामलों में प्रभावित होते हैं।
एफडीए पुणे मंडल के संयुक्त आयुक्त (खाद्य) दिगंबर भोगावड़े ने बताया कि, पिछले कुछ दिनों में कई छापेमारी अभियानों के दौरान भारी मात्रा में मिलावटी खाद्य पदार्थों का भंडाफोड़ किया गया। उन्होंने कहा कि गुड़ को आकर्षक दिखाने के लिए उसमें चीनी के साथ कृत्रिम रंग भी मिलाए जा रहे थे। यह सामग्री पुणे और मुंबई में वितरित किए जाने की तैयारी में थी। जब्त किए गए गुड़ और चीनी की कुल अनुमानित कीमत 17.79 लाख रुपये बताई गई है। एफडीए ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। खाद्य मिलावट या अवैध भंडारण से संबंधित किसी भी जानकारी की शिकायत एफडीए हेल्पलाइन 1800-222-365 पर की जा सकती है।

















