वॉशिंगटन: ट्रंप प्रशासन ने ब्राजील के खिलाफ सख्त व्यापारिक कदम उठाते हुए कई आयातित उत्पादों पर 25 प्रतिशत दंडात्मक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है। अमेरिकी अधिकारियों का आरोप है कि, ब्राजील की कुछ व्यापारिक नीतियां और प्रथाएं अमेरिकी व्यापार के लिए अनुचित हैं और इससे अमेरिकी कंपनियों को नुकसान पहुंच रहा है। अमेरिका के शीर्ष व्यापार अधिकारी जैमीसन ग्रीर ने बताया कि, यह प्रस्ताव डिजिटल व्यापार, इलेक्ट्रॉनिक भुगतान सेवाओं, बौद्धिक संपदा अधिकारों की सुरक्षा, एथेनॉल बाजार तक पहुंच और विशेष शुल्क व्यवस्थाओं जैसे कई मुद्दों पर ब्राजील की नीतियों की जांच के बाद तैयार किया गया है।
यह कार्रवाई अमेरिकी व्यापार अधिनियम 1974 की धारा 301 के तहत की गई जांच के निष्कर्षों पर आधारित है, जिसकी शुरुआत पिछले वर्ष की गई थी। जांच में पाया गया कि, ब्राजील की कुछ नीतियां अमेरिकी व्यापार पर अनावश्यक बोझ डालती हैं और व्यापारिक गतिविधियों को सीमित करती हैं। हालांकि, प्रस्तावित टैरिफ से कुछ महत्वपूर्ण उत्पादों को बाहर रखा गया है। इनमें गोमांस, कॉफी, दुर्लभ खनिज, कुछ धातुएं, विमान और विमान के पुर्जे शामिल हैं। इसके अलावा कच्चा तेल, पेट्रोलियम उत्पाद, दवा निर्माण में उपयोग होने वाले रसायन, उर्वरक, कई प्रकार के फल और मेवे भी प्रस्तावित शुल्क से मुक्त रहेंगे।
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय ने प्रस्तावित टैरिफ पर 1 जुलाई तक सार्वजनिक टिप्पणियां आमंत्रित की हैं, जबकि 6 जुलाई को इस विषय पर सार्वजनिक सुनवाई आयोजित की जाएगी। एजेंसी को 15 जुलाई तक इस मामले में अंतिम कार्रवाई करनी है। गौरतलब है कि ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल में भी इसी कानून का उपयोग करते हुए चीन के उत्पादों पर व्यापक टैरिफ लगाए थे। वर्तमान में अमेरिका चीन सहित कई अन्य देशों की व्यापारिक नीतियों की भी जांच कर रहा है, जिससे भविष्य में नए शुल्क लगाए जाने की संभावना है।


















