लखनऊ : उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों के लिए बीते कुछ वर्षों में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। राज्य सरकार के अनुसार, प्रदेश के गन्ना किसानों को अब तक 3.22 लाख करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है, जो देश में किसी भी राज्य द्वारा किया गया सबसे बड़ा भुगतान माना जा रहा है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और खेती के प्रति उनका विश्वास बढ़ा है। विशेषज्ञों का मानना है कि, किसानों को समय पर भुगतान और कृषि-केंद्रित नीतियों ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार ने किसानों की कर्जमाफी, समयबद्ध गन्ना भुगतान और कृषि सुधारों को प्राथमिकता दी, जिससे गन्ना उत्पादक क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला।
पेराई सत्र 2025-26 के लिए सरकार ने गन्ने के मूल्य में 30 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि भी की है। इस फैसले से लाखों किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। विशेषज्ञों का कहना है कि, उचित मूल्य और समय पर भुगतान किसानों को अधिक उत्पादन के लिए प्रेरित करते हैं।उत्तर प्रदेश आज देश का सबसे बड़ा गन्ना उत्पादक राज्य बन चुका है। बेहतर बीज, वैज्ञानिक खेती, आधुनिक तकनीकों के उपयोग और मिलों की कार्यकुशलता में सुधार के कारण उत्पादन और चीनी रिकवरी दोनों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
सरकार ने किसानों को सशक्त बनाने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड, फसली ऋण और डिजिटल फार्मर आईडी जैसी योजनाओं को भी बढ़ावा दिया है। मार्च 2026 तक प्रदेश में 2.03 करोड़ से अधिक फार्मर आईडी जारी की जा चुकी हैं, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंच रहा है और बिचौलियों की भूमिका कम हुई है। हालांकि, कृषि क्षेत्र के सामने जलवायु परिवर्तन, अनिश्चित मौसम और नई बीमारियों जैसी चुनौतियां अभी भी मौजूद हैं। इसके बावजूद, गन्ना किसानों में बढ़ता आत्मविश्वास और बेहतर आर्थिक स्थिति प्रदेश की कृषि विकास यात्रा का महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।


















