महाराष्ट्र : एफआरपी भुगतान में विफल चीनी मिलों पर कार्रवाई तेज; सात मिलों की संपत्ति जब्ती प्रक्रिया शुरू, सात अन्य को नोटिस

पुणे : गन्ना उत्पादक किसानों का एफआरपी (उचित एवं लाभकारी मूल्य) बकाया रखने वाली चीनी मिलों के खिलाफ चीनी आयुक्तालय ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। किसानों के करोड़ों रुपये के बकाया भुगतान नहीं करने के कारण राज्य की सात चीनी मिलों के खिलाफ राजस्व वसूली प्रमाणपत्र (आरआरसी) जारी कर उनकी संपत्तियों की जब्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, एफआरपी भुगतान में चूक करने वाली सात अन्य मिलों को ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी किए गए हैं।चीनी आयुक्त डॉ. संजय कोलते ने 15 मई को सोलापुर जिले की गोकुल शुगर्स को पहला आरआरसी जारी कर इस अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद 22 मई को छह अन्य चीनी मिलों पर भी कार्रवाई की गई। आरआरसी जारी होने के बाद संबंधित जिलाधिकारियों को मिलों की संपत्तियां बेचकर किसानों का बकाया वसूलने का अधिकार मिल जाता है। राज्य के प्रभावशाली नेताओं से जुड़ी चीनी मिलों पर भी कार्रवाई शुरू होने से चीनी उद्योग में हलचल मच गई है।

इस बीच, तीन सहकारी और चार निजी चीनी मिलों पर जब्ती की प्रक्रिया जारी रहने के दौरान चीनी आयुक्तालय ने सात अन्य मिलों को नोटिस भेजकर दबाव और बढ़ा दिया है। चीनी निदेशक (वित्त) यशवंत गिरी ने इन मिलों को “आपके खिलाफ आरआरसी कार्रवाई क्यों न की जाए?” इस आशय का ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी किया है। नोटिस प्राप्त सभी मिलों के कार्यकारी निदेशकों को 15 जून को सुबह 10 बजे पुणे स्थित चीनी आयुक्तालय में सुनवाई के लिए उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। डॉ. संजय कोलते ने बताया कि, वर्ष 2025-26 के पेराई सत्र का एफआरपी भुगतान न करने के कारण सात मिलों पर आरआरसी कार्रवाई की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि अन्य मिलें भी किसानों का बकाया जल्द से जल्द चुकाएं, अन्यथा उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ChiniMandi WhatsApp Channel

आरआरसी कार्रवाई का सामना कर रही मिलों में, गोकुल शुगर्स (सोलापुर), भीमा सहकारी चीनी मिल (सोलापुर), श्रीसंत कुर्मदास सहकारी चीनी मिल (माढा), भीमाशंकर सहकारी चीनी मिल (धाराशिव), केदारेश्वर सहकारी चीनी मिल (अहिल्यानगर), एस. जे. शुगर डिस्टिलरी एंड पावर (नाशिक) तथा सचिन घायाल शुगर्स (छत्रपति संभाजीनगर) शामिल हैं।जिन मिलों को नोटिस जारी किए गए हैं उनमें, ग्रीन पावर शुगर (सातारा), श्रद्धा एनर्जी एंड इंफ्रा प्रोडक्ट्स (जालना), भाऊराव चव्हाण सहकारी चीनी मिल (हिंगोली और नांदेड़), विकासरत्न विलासराव देशमुख मांजरा शेतकरी सहकारी चीनी मिल (लातूर), रेणा सहकारी चीनी मिल (लातूर) और पूर्णा सहकारी चीनी मिल (हिंगोली) शामिल हैं।इस कार्रवाई से एफआरपी भुगतान में लापरवाही बरतने वाली चीनी मिलों पर बड़ा दबाव बना है और किसानों को उनका बकाया मिलने की उम्मीद बनी है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here