बांग्लादेश के गेहूं आयात टेंडर से भारतीय निर्यातकों के बाहर रहने की आशंका, सख्त मानकों ने बढ़ाई चुनौती

नई दिल्ली/ढाका: बांग्लादेश ने 50,000 टन गेहूं आयात के लिए वैश्विक निविदा (टेंडर) जारी की है, लेकिन सख्त गुणवत्ता मानकों और अन्य देशों से मिलने वाली प्रतिस्पर्धी कीमतों के कारण भारतीय निर्यातकों के लिए इसमें भागीदारी करना मुश्किल माना जा रहा है।बांग्लादेश के खाद्य महानिदेशालय (डीजी फूड) के खरीद विभाग ने 9 जून को मिलिंग गेहूं के आयात के लिए यह टेंडर जारी किया। यह निविदा बुधवार से खुल गई है और 24 जून को बंद होगी। टेंडर की शर्तों के अनुसार 60 प्रतिशत गेहूं चट्टोग्राम बंदरगाह और शेष 40 प्रतिशत मोंगला बंदरगाह पर पहुंचाया जाना है।

विशेषज्ञों के अनुसार, सबसे बड़ी चुनौती गेहूं की गुणवत्ता संबंधी शर्तें हैं। टेंडर में न्यूनतम टेस्ट वेट 76 किलोग्राम प्रति हेक्टोलिटर और अधिकतम 1 प्रतिशत डॉकेज (अशुद्धियां) निर्धारित की गई हैं। जबकि भारतीय गेहूं का सामान्य टेस्ट वेट 72 से 74 किलोग्राम प्रति हेक्टोलिटर होता है और डॉकेज 2 प्रतिशत से अधिक रहता है।निर्यातकों का कहना है कि, केवल छंटाई और विशेष प्रसंस्करण के बाद ही भारतीय गेहूं इन मानकों को पूरा कर सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक मध्य प्रदेश का गेहूं इन शर्तों के सबसे करीब माना जाता है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

वैश्विक बाजार में कड़ी प्रतिस्पर्धा…

भारतीय गेहूं की कीमत वर्तमान में लगभग 280 डॉलर प्रति टन एफओबी (फ्री ऑन बोर्ड) है। इसमें करीब 30 डॉलर प्रति टन माल ढुलाई लागत जोड़ने पर कीमत 310 से 315 डॉलर प्रति टन तक पहुंच जाती है।वहीं हाल ही में जॉर्डन द्वारा जारी वैश्विक गेहूं आयात टेंडर में किसी भी बोली की कीमत 280 डॉलर प्रति टन से अधिक नहीं रही। सबसे कम बोली ओलम ने 276.50 डॉलर प्रति टन की लगाई, जबकि अमेरोपा, कारगिल और एलडीसी जैसी कंपनियों की कीमतें भी इसी स्तर पर रहीं।विशेषज्ञों का कहना है कि, काला सागर (ब्लैक सी) क्षेत्र से नए गेहूं की कीमत 233 से 238 डॉलर प्रति टन एफओबी बताई जा रही है।माल ढुलाई और अन्य खर्च जोड़ने के बाद भी यह भारतीय गेहूं की तुलना में काफी सस्ता पड़ता है। अंतरराष्ट्रीय व्यापार में 25 से 30 डॉलर प्रति टन का अंतर बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।

रिकॉर्ड उत्पादन से बढ़ी निर्यात की उम्मीद…

भारत में इस वर्ष गेहूं उत्पादन 12.06 करोड़ टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने का अनुमान है।हालांकि, मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण गुणवत्ता संबंधी कुछ चुनौतियां सामने आई हैं। सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर 3.5 करोड़ टन गेहूं की खरीद भी की है।रिकॉर्ड उत्पादन के चलते भारत ने तीन साल बाद गेहूं निर्यात फिर से शुरू किया है। पिछले महीने कांडला बंदरगाह से आईटीसी ने 31,000 टन और गुरुदेव कंपनी ने 4,450 टन गेहूं संयुक्त अरब अमीरात को निर्यात किया था।

वैश्विक परिस्थितियों से भारत को मिल सकता है फायदा…

व्यापार विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया में उर्वरक की कमी तथा लंबे समय से जारी सूखे जैसे कारणों से वैश्विक गेहूं उत्पादन प्रभावित हुआ है। अमेरिका में गेहूं उत्पादन 57 वर्षों के निचले स्तर पर रहने का अनुमान है। अमेरिकी कृषि विभाग (यूएसडीए) ने हाल ही में भारत के गेहूं निर्यात का अनुमान बढ़ाकर 20 लाख टन कर दिया है। इससे पहले यह अनुमान 17.5 लाख टन था। वैश्विक बाजार में इस वर्ष गेहूं की कीमतों में लगभग 16 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे भारतीय निर्यातकों को भविष्य में नए अवसर मिलने की उम्मीद बनी हुई है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here