बैतूल: चीनी पैकेजिंग को लेकर उठे विवाद के बाद जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को संबंधित हनुमंत शुगर मिल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मिल परिसर का दौरा कर दस्तावेजों, ब्रांड पंजीकरण और अन्य अभिलेखों की गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान मिल प्रबंधन ने अधिकारियों के समक्ष अपना पक्ष रखा और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए। हनुमंत शुगर मिल के प्रतिनिधि शुभम अग्रवाल ने बताया कि, उनकी शुगर मिल वर्ष 2017 से विधिवत पंजीकृत है और पिछले लगभग एक दशक से शक्कर का उत्पादन एवं विपणन कर रही है।
उन्होंने कहा कि, उनकी “मां रेवा” ब्रांड की शक्कर लंबे समय से बाजार में उपलब्ध है, जबकि शिकायतकर्ता द्वारा उल्लेखित ब्रांड का पंजीकरण बाद में हुआ है।अपने दावे के समर्थन में उन्होंने पंजीकरण प्रमाणपत्र सहित अन्य संबंधित दस्तावेज अधिकारियों को सौंपे। मिल प्रबंधन का यह भी कहना है कि, पैकेजिंग विवाद को लेकर उन्होंने पहले ही शिकायतकर्ता को नोटिस जारी किए थे और संबंधित विभागों में शिकायत भी दर्ज कराई थी। प्रशासनिक टीम ने मिल प्रबंधन से विस्तृत जानकारी लेने के बाद उपलब्ध दस्तावेजों और अभिलेखों का परीक्षण किया। मामले की जांच जारी है और संबंधित तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।















