मिलावटी गुड़ पर कार्रवाई का असर: गुड़ की आवक 70% घटी, बाजार में कीमतों में आया उछाल

कोल्हापुर (महाराष्ट्र): महाराष्ट्र में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) द्वारा मिलावटी गुड़ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का असर अब गुड़ बाजारों में साफ दिखाई देने लगा है। पुणे और अन्य जिलों में चीनी और कृत्रिम रंग मिलाकर तैयार किए गए गुड़ पर की गई कार्रवाई के बाद गुड़ उत्पादक किसानों, व्यापारियों और आढ़तियों में चिंता का माहौल है।इसी के चलते राज्य के प्रमुख गुड़ बाजारों जैसे पुणे, सांगली और नीरा कृषि उपज मंडियों में पिछले पांच दिनों से गुड़ के सौदे बंद पड़े हैं। इसका सीधा असर कोल्हापुर कृषि उपज मंडी समिति में देखने को मिला, जहां गुड़ की आवक में भारी गिरावट दर्ज की गई है।

70 प्रतिशत घटी आवक, बढ़े गुड़ के दाम…

ChiniMandi WhatsApp Channel

बुधवार को कोल्हापुर मंडी में गुड़ की आवक करीब 70 प्रतिशत तक घट गई। सामान्य दिनों में जहां लगभग 17 गाड़ियों में गुड़ मंडी पहुंचता था, वहीं इस बार केवल 5 गाड़ियों की ही आवक हुई। आवक कम होने के कारण गुड़ के दामों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। कुछ दिन पहले जिस गुड़ को 3,700 से 3,800 रुपये प्रति क्विंटल का भाव मिल रहा था, अब भाव बढ़कर 4,200 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया। वहीं, 4,200 रुपये प्रति क्विंटल बिकने वाला गुड़ अब 4,800 रुपये प्रति क्विंटल तक बिक रहा है।

किसानों ने अपनाई नियंत्रित बिक्री की रणनीति…

सूत्रों के अनुसार, जिले के अधिकांश गुड़ निर्माण केंद्र (गुड़घर) अब बंद हो चुके हैं। किसानों ने गुड़ सीजन के दौरान तैयार किए गए स्टॉक को धीरे-धीरे बाजार में लाने की रणनीति अपनाई है। इसी वजह से सीमित मात्रा में ही गुड़ मंडियों तक पहुंच रहा है। हालांकि, कोल्हापुर जिले में अभी तक खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है, लेकिन अन्य जिलों में जारी छापेमारी और कार्रवाई के कारण व्यापारियों और किसानों में भय का माहौल बना हुआ है।

गुड़ उत्पादन पर भी असर…

बताया जा रहा है कि, कई व्यापारियों और किसानों ने 8 जून से गुड़ उत्पादन बंद करने का निर्णय लिया है। ऐसे में आने वाले दिनों में गुड़ के सौदों और बाजार की स्थिति को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।विशेषज्ञों का मानना है कि, यदि यह स्थिति लंबे समय तक बनी रहती है, तो गुड़ की उपलब्धता और कीमतों पर इसका और अधिक असर पड़ सकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here