कच्चे तेल, एलपीजी और एलएनजी का दो महीने का पर्याप्त भंडार, ईंधन आपूर्ति पूरी तरह स्थिर: पेट्रोलियम मंत्रालय

नई दिल्ली: पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने देशवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा है कि, भारत के पास कच्चे तेल (क्रूड ऑयल), एलपीजी और एलएनजी का लगभग दो महीने का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि देशभर में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और प्राकृतिक गैस की आपूर्ति सामान्य और स्थिर बनी हुई है। गुरुवार को आयोजित अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि, सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां (OMCs) पूरे देश में ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित कर रही हैं।

सुजाता शर्मा ने बताया कि, देश की सभी प्रमुख रिफाइनरियां अपनी अधिकतम क्षमता पर संचालित हो रही हैं।उन्होंने कहा, कच्चे तेल, पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और प्राकृतिक गैस की आपूर्ति पूरी तरह स्थिर है। कुछ पेट्रोल पंपों पर बिक्री में बढ़ोतरी देखी गई है, लेकिन सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियां निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित कर रही हैं। ईंधन भंडार को लेकर पूछे गए सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि, सरकार पिछले कई महीनों से लगातार यह स्पष्ट कर रही है कि देश में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। उन्होंने बताया, हमारे पास पर्याप्त भंडार है और लगभग दो महीने की आवश्यकताओं के अनुरूप रोलिंग स्टॉक की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की गई है।हालांकि, ईंधन कीमतों में भविष्य में होने वाले संभावित बदलावों पर टिप्पणी करने से उन्होंने इनकार कर दिया।

ChiniMandi WhatsApp Channel

मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले तीन दिनों में घरेलू उपयोग के लिए करीब 1.40 करोड़ एलपीजी सिलेंडरों की बुकिंग प्राप्त हुई, जबकि 1.49 करोड़ सिलेंडरों की डिलीवरी की गई। इसी अवधि में लगभग 22,340 टन वाणिज्यिक एलपीजी की बिक्री दर्ज की गई। इसके अलावा, 5 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडरों की बिक्री लगभग 1.91 लाख यूनिट रही।मंत्रालय ने बताया कि, मार्च से अब तक करीब 9.42 लाख पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन सक्रिय किए जा चुके हैं। साथ ही 3.12 लाख नए कनेक्शनों के लिए बुनियादी ढांचा तैयार किया गया है और 9.44 लाख नए उपभोक्ताओं का पंजीकरण हुआ है।

केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पत्र लिखकर स्थानीय प्रशासन से शहर गैस वितरण कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा है, ताकि जहां पीएनजी सुविधा उपलब्ध है वहां एलपीजी उपभोक्ताओं को पीएनजी अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। मंत्रालय ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि, वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की खरीद करें। सुजाता शर्मा ने कहा, कृपया अपनी वास्तविक जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें, अफवाहों से बचें और जहां संभव हो ऊर्जा संरक्षण के उपाय अपनाएं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here