SEIC 2026: बायोइकोनॉमी की नई रूपरेखा पर जोर, अपशिष्ट से मूल्य संवर्धन और नए राजस्व स्रोतों की तलाश जरूरी

मुंबई: भारत के चीनी और जैव-ऊर्जा उद्योग को पारंपरिक एथेनॉल उत्पादन से आगे बढ़कर अपशिष्ट पदार्थों के मूल्य संवर्धन (वेस्ट वैलोराइजेशन), उन्नत तकनीकों और विविध जैव-आधारित उत्पादों पर आधारित व्यापक बायोइकोनॉमी की ओर तेजी से कदम बढ़ाने की आवश्यकता है। यह बात उद्योग विशेषज्ञों ने शुगर एथेनॉल बायोएनर्जी इंडिया कॉन्फ्रेंस (SEIC) 2026 में आयोजित “द बायोइकोनॉमी ब्लूप्रिंट” विषयक पैनल चर्चा के दौरान कही।

इस चर्चा में चीनी उद्योग के अपशिष्टों के उपयोग, प्रेसमड से बायो-सीएनजी और कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) उत्पादन, जीरो लिक्विड डिस्चार्ज तकनीक, लिग्नोसेल्यूलोसिक बायोमास से कम कार्बन तीव्रता वाले एथेनॉल, बगास के उन्नयन, जैव उर्वरकों, मृदा स्वास्थ्य उत्पादों और बायो-हाइड्रोजन जैसे क्षेत्रों में उभरते अवसरों पर विचार-विमर्श किया गया।सत्र का संचालन एएम ग्रीन के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी डॉ. एसएसवी रामकुमार ने किया।

ChiniMandi WhatsApp Channel

एथेनॉल से आगे सोचने का समय…

डॉ. रामकुमार ने कहा कि, भारत का एथेनॉल उद्योग अब एक नए चरण में प्रवेश कर रहा है, जहां विविधीकरण और नए बाजारों का विकास बेहद महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि, राष्ट्रीय एथेनॉल मिश्रण लक्ष्य हासिल होने के बाद भारत एथेनॉल अधिशेष (सरप्लस) देश बन सकता है। इसलिए उद्योग को नए उत्पादों और बाजारों की खोज करनी होगी। उन्होंने कहा, आगे की ओर देखिए, संभावनाओं की कोई सीमा नहीं है।उन्होंने बगास (गन्ने की खोई) को एक मूल्यवान जैविक संसाधन बताते हुए इसके बेहतर उपयोग की आवश्यकता पर बल दिया।

बायोएथेनॉल क्षेत्र में 16 गुना वृद्धि…

द एनर्जी एंड रिसोर्सेज इंस्टीट्यूट (TERI) की एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. संजुक्ता सुबुधि ने कहा कि, पिछले कुछ वर्षों में भारत के बायोएथेनॉल क्षेत्र में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है।उन्होंने कहा,पिछले कुछ वर्षों में बायोएथेनॉल क्षेत्र में 16 गुना वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि, एथेनॉल का उत्पादन सूक्ष्मजीवों (माइक्रोऑर्गेनिज्म) के माध्यम से होता है और इसी वैज्ञानिक प्रक्रिया का उपयोग उच्च मूल्य वाले रसायनों के उत्पादन के लिए भी किया जा सकता है। एथेनॉल उत्पादन की प्रक्रिया को उच्च मूल्य वाले रसायनों के निर्माण की दिशा में भी मोड़ा जा सकता है, जिससे उद्योग को बड़ा लाभ होगा।सुबुधि ने जैव-आधारित उत्पादों और अणुओं (मॉलिक्यूल्स) की श्रृंखला बढ़ाने तथा उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा, एक ही बुनियादी ढांचे का उपयोग करके हम उत्पादन में विविधता ला सकते हैं और बायोइकोनॉमी का विस्तार कर सकते हैं,” ।

एथेनॉल उत्पादन से निकलने वाली CO₂ भी है मूल्यवान संसाधन…

BIG ग्रुप के बिजनेस लीडर सुरेंद्र सिंह ने कहा कि, एथेनॉल उत्पादन के दौरान निकलने वाली कार्बन डाइऑक्साइड (CO₂) को अपशिष्ट नहीं, बल्कि एक मूल्यवान संसाधन के रूप में देखा जाना चाहिए।उन्होंने कहा, एथेनॉल उत्पादन से निकलने वाली CO₂ कोई अपशिष्ट नहीं है। सिंह ने कहा कि, एथेनॉल उद्योग अब परिपक्व हो चुका है और औद्योगिक एकीकरण के जरिए अतिरिक्त मूल्य सृजित करने की बड़ी संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा, CO₂ कोई कम मूल्य वाला उत्पाद नहीं है।उन्होंने बताया कि, CO₂ उत्पादकों और उसका उपयोग करने वाले उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता है। उर्वरक उद्योग को उन्होंने ऐसे प्रमुख क्षेत्र के रूप में चिन्हित किया जो बड़ी मात्रा में कार्बन डाइऑक्साइड का उपयोग कर सकता है।

स्वच्छ तकनीक से घटेगा कार्बन फुटप्रिंट…

अल्फा लावल इंडिया में क्लीनटेक प्रमुख स्नेहलकुमार सूर्यवंशी ने कहा कि, स्वच्छ औद्योगिक तकनीकें पर्यावरणीय प्रदर्शन सुधारने और सर्कुलर मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने कहा, हम स्वच्छ तकनीकें उपलब्ध कराते हैं। यदि उद्योगों में जीरो लिक्विड डिस्चार्ज प्रणाली लागू की जाए तो इससे कार्बन फुटप्रिंट कम करने में मदद मिलेगी। सूर्यवंशी ने बताया कि, वर्तमान तकनीकों की मदद से दूसरी पीढ़ी (2G) के एथेनॉल का किफायती उत्पादन भी संभव है।

अपशिष्ट से संपदा बनाने की दिशा में बढ़ रहा उद्योग…

चर्चा के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि, भारत के चीनी और जैव-ऊर्जा उद्योग का भविष्य केवल एथेनॉल उत्पादन पर निर्भर नहीं रहेगा। उद्योग को उप-उत्पादों को उच्च मूल्य वाले उत्पादों में बदलने, अपशिष्ट कम करने, नए राजस्व स्रोत विकसित करने और एकीकृत एवं टिकाऊ बायोइकोनॉमी मॉडल अपनाने की दिशा में आगे बढ़ना होगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here