SEIC 2026: चीनी, SAF और बायोप्लास्टिक बन सकते हैं भारत की बायोइकोनॉमी वृद्धि के अगले प्रमुख स्तंभ : स्टीफन बारोट

मुंबई: भारत के चीनी और जैव-ऊर्जा (बायोएनर्जी) क्षेत्र को भविष्य की विकास संभावनाओं का लाभ उठाने के लिए पारंपरिक ईंधन उत्पादन से आगे बढ़कर टिकाऊ ईंधन, बायोप्लास्टिक और बायोमास आधारित उद्योगों पर ध्यान केंद्रित करना होगा। यह बात बलरामपुर चीनी मिल्स के केमिकल डिवीजन के अध्यक्ष स्टीफन बारोट ने शुगर एथेनॉल बायोएनर्जी इंडिया कॉन्फ्रेंस (SEIC) 2026 में आयोजित एक विशेष संवाद सत्र के दौरान कही।इस सत्र का संचालन जेके ग्रुप की एवीपी (मीडिया एवं संचार) पार्श्वती साहा ने किया। चर्चा का मुख्य विषय बायोइकोनॉमी में उभरते अवसर और दीर्घकालिक मूल्य सृजन में नवाचार की भूमिका था।

SAF और बायोप्लास्टिक में भविष्य की बड़ी संभावनाएं…

ChiniMandi WhatsApp Channel

बारोट ने कहा कि, सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF), जैव-आधारित रसायन (बायो-बेस्ड केमिकल्स) और उन्नत सामग्री (एडवांस्ड मैटेरियल्स) भविष्य के औद्योगिक और ऊर्जा बाजारों को नया स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि, चीनी और SAF वैश्विक ऊर्जा परिवर्तन के दौर में रणनीतिक उत्पाद बन सकते हैं, जबकि पॉलीलैक्टिक एसिड (PLA) इस बदलाव का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बनने की क्षमता रखता है।

निर्यात से पहले घरेलू बाजार को मजबूत करना जरूरी…

बारोट के अनुसार, भारत को बायोप्लास्टिक के निर्यात पर ध्यान देने से पहले घरेलू मांग और औद्योगिक क्षमताओं को मजबूत करने पर जोर देना चाहिए।उन्होंने कहा कि, कचरा प्रबंधन (वेस्ट मैनेजमेंट) स्वयं भारत के लिए एक बड़ा अवसर है, जो बायोइकोनॉमी को मजबूत करने और नए राजस्व स्रोत विकसित करने में मदद कर सकता है।

PLA उत्पादन में चुनौतियां, लेकिन संभावनाएं मजबूत…

बारोट ने बताया कि, PLA के विकास के दौरान कई परिचालन और व्यावसायिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा है, लेकिन बड़े पैमाने पर उत्पादन (स्केल) बढ़ने से इसकी प्रतिस्पर्धात्मकता में सुधार होगा।उनके अनुसार, उत्पादन क्षमता बढ़ाने से विनिर्माण लागत कम होगी और जैव-आधारित उत्पादों को व्यावसायिक रूप से अधिक व्यवहार्य बनाया जा सकेगा।

बायोमास को औद्योगिक कच्चे माल के रूप में देखें…

बायोमास के उपयोग पर बोलते हुए बारोट ने कहा कि, कृषि अवशेषों को पारंपरिक तरीके से जलाने या उपयोग करने के बजाय औद्योगिक फीडस्टॉक के रूप में देखा जाना चाहिए।उन्होंने विशेष रूप से बगास (गन्ने की खोई) का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे केवल जलाने से इसकी पूरी आर्थिक क्षमता का उपयोग नहीं हो पाता। बगास का उपयोग उच्च मूल्य वाले उत्पादों के निर्माण में किया जा सकता है।

इन्फ्रास्ट्रक्चर की कमी सबसे बड़ी चुनौती…

बारोट ने कहा कि, बायोमास आधारित उद्योगों के विस्तार में परिवहन और आपूर्ति श्रृंखला (सप्लाई चेन) से जुड़ी चुनौतियां अभी भी बड़ी बाधा बनी हुई हैं।उनके अनुसार, यदि आवश्यक बुनियादी ढांचा विकसित किया जाए तो भारत दुनिया का एक प्रमुख बायोमास पावरहाउस बन सकता है।बारोट ने कहा कि, हाल के वैश्विक भू-राजनीतिक घटनाक्रमों और बदलती ऊर्जा प्राथमिकताओं ने बायोफ्यूल के महत्व को और बढ़ा दिया है।उन्होंने कहा कि, अंतरराष्ट्रीय अनिश्चितताओं ने ऊर्जा विविधीकरण की आवश्यकता को मजबूत किया है और नवीकरणीय ईंधन विकल्पों में रुचि बढ़ाई है।

आयातित रसायनों के जैव-आधारित विकल्प विकसित करने की जरूरत…

बारोट ने सुझाव दिया कि, भारत को उन रसायनों की पहचान करनी चाहिए जिनका आयात बड़ी मात्रा में किया जाता है और उनके जैव-आधारित उत्पादन के विकल्प विकसित करने चाहिए।उन्होंने कहा कि, इससे आयात पर निर्भरता कम होगी और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।बारोट के अनुसार, वैश्विक स्तर पर उपलब्ध तकनीकों को भारतीय परिस्थितियों के अनुरूप ढालना आवश्यक है ताकि उनकी लागत कम हो और वे व्यावसायिक रूप से अधिक व्यवहार्य बन सकें। उन्होंने कहा कि, भारत को तकनीकों के स्थानीयकरण (लोकलाइजेशन) और अनुकूलन (ऑप्टिमाइजेशन) पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

बायोइकोनॉमी की ओर बढ़ता चीनी उद्योग…

चर्चा के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि भारत का चीनी और जैव-ऊर्जा क्षेत्र स्थानीय फीडस्टॉक, तकनीकी नवाचार और मूल्यवर्धित विनिर्माण के संयोजन से एक व्यापक बायोइकोनॉमी मॉडल में विकसित हो सकता है।विशेषज्ञों का मानना है कि, इससे न केवल उद्योग की दीर्घकालिक वृद्धि को गति मिलेगी, बल्कि आत्मनिर्भर भारत और टिकाऊ विकास के लक्ष्यों को भी मजबूती मिलेगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here