ऑस्ट्रेलिया की प्रमुख चीनी कंपनी मैके शुगर पर साइबर हमला, पेराई कार्य प्रभावित

कैनबेरा : ऑस्ट्रेलिया की दूसरी सबसे बड़ी चीनी उत्पादक कंपनी मैके शुगर (Mackay Sugar) साइबर हमले का शिकार हो गई है। 10 जून को हुए इस हमले के कारण कंपनी की कई महत्वपूर्ण परिचालन गतिविधियां प्रभावित हुई हैं और उसकी तीन में से दो प्रमुख चीनी मिलों का संचालन अस्थायी रूप से बाधित हो गया। मैके शुगर उत्तरी क्वींसलैंड के मैके क्षेत्र में स्थित है और 140 वर्षों से अधिक का इतिहास रखती है। कंपनी फार्ले, मेरियन और रेसकोर्स नामक तीन बड़ी चीनी मिलों का संचालन करती है तथा हर साल लगभग 7 लाख टन कच्ची चीनी का उत्पादन करती है।

किसानों और परिवहन से जुड़े लोगों को भारी नुकसान संभव…

ChiniMandi WhatsApp Channel

कंपनी ने एक बयान जारी कर कहा कि, वह एक साइबर सुरक्षा घटना से निपट रही है, जिसने उसके कुछ परिचालन कार्यों को प्रभावित किया है। फिलहाल कंपनी का मुख्य ध्यान कर्मचारियों की सुरक्षा, परिचालन प्रणालियों की रक्षा और व्यवसाय की निरंतरता बनाए रखने पर है। यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब चीनी उद्योग का पेराई सत्र चल रहा है। इस दौरान मिलें लगातार संचालित रहती हैं और किसी भी प्रकार की रुकावट का सीधा असर खेतों में खड़े या ट्रकों में लदे गन्ने पर पड़ता है। मिलों के बंद होने से किसानों और परिवहन से जुड़े लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

सरकारी एजेंसियों को भी दे दी सूचना…

घटना की जांच के लिए कंपनी ने साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की सेवाएं ली हैं और संबंधित सरकारी एजेंसियों को भी सूचना दे दी है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि किन प्रणालियों को निशाना बनाया गया, क्या कोई डेटा चोरी हुआ या औद्योगिक नियंत्रण प्रणालियां सीधे प्रभावित हुईं। 12 जून तक कंपनी फार्ले मिल में सीमित स्तर पर मैनुअल पेराई कार्य दोबारा शुरू करने में सफल रही। इस दौरान केवल वही गन्ना प्रसंस्कृत किया गया जो हमले से पहले काटा जा चुका था। लेकिन गन्ना आपूर्ति, कटाई और मिल तक पहुंचाने वाली डिजिटल प्रणालियां अब भी पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी थीं, जिसके कारण नए गन्ने की आवक रोक दी गई थी।

किसानों और हार्वेस्टर संचालकों से कटाई शुरू न करने की अपील…

15 जून को जारी अपडेट में कंपनी ने बताया कि, गन्ना आपूर्ति, कटाई और मिल संचालन से जुड़ी प्रणालियों की बहाली में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। वर्तमान में स्टीम ट्रायल चल रहे हैं और अंतिम परीक्षण सफल होने पर इस सप्ताह चरणबद्ध तरीके से कटाई और पेराई कार्य दोबारा शुरू किया जा सकता है। कंपनी ने किसानों और हार्वेस्टर संचालकों से फिलहाल कटाई शुरू न करने की अपील की है। कंपनी का कहना है कि वह किसानों पर पड़ रहे प्रभाव को समझती है और जल्द से जल्द सुरक्षित तरीके से पूर्ण संचालन बहाल करने के लिए काम कर रही है। विशेषज्ञों के अनुसार, गन्ने की कटाई में देरी होने से खेत में खड़ी फसल की शर्करा मात्रा कम हो सकती है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान होता है। साथ ही परिवहन और लॉजिस्टिक्स लागत भी बढ़ जाती है।

जेंटलमेन रैनसमवेयर समूह ने इस साइबर हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा…

इस बीच, माइक्रोसॉफ्ट द्वारा “स्टॉर्म-2697” नाम से ट्रैक किए जाने वाले जेंटलमेन रैनसमवेयर समूह ने इस साइबर हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। 15 जून को इस समूह ने मैके शुगर का नाम अपनी डार्क वेब डेटा लीक साइट पर भी प्रकाशित किया। हालांकि अभी तक किसी डेटा के सार्वजनिक रूप से लीक होने की पुष्टि नहीं हुई है, जिससे माना जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी हो सकती है। साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि कंपनी की आईटी प्रणालियों और औद्योगिक नियंत्रण प्रणालियों की पूर्ण जांच और सत्यापन के बाद ही मिलों का सामान्य संचालन सुरक्षित रूप से बहाल किया जा सकेगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here