नई दिल्ली : भारत में वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने 100% एथेनॉल आधारित ईंधन E100 के उपयोग को कानूनी मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद ऑटोमोबाइल कंपनियों, ईंधन विक्रेताओं और परीक्षण एजेंसियों को E100-संगत वाहनों के विकास और बिक्री के लिए स्पष्ट कानूनी ढांचा मिल गया है। ‘मनीकंट्रोल’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, गडकरी ने बताया कि देश की 12 वाहन निर्माता कंपनियां फ्लेक्स-फ्यूल मॉडल तैयार कर रही हैं। आने वाले कुछ हफ्तों में टाटा, महिंद्रा, हुंडई, टोयोटा, सुजुकी और एमजी जैसी कंपनियों की ओर से नए फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों की घोषणा की जा सकती है।
भारत में लॉन्च हुए पहले E100-संगत वाहन
खबर के अनुसार, हाल ही में भारत के पहले E100-संगत वाहन पेश किए गए हैं। मारुति सुजुकी ने देश की पहली फ्लेक्स-फ्यूल पैसेंजर कार वैगनआर फ्लेक्स फ्यूल लॉन्च की है। वहीं, हीरो मोटोकॉर्प ने अपनी लोकप्रिय मोटरसाइकिलों स्पलेंडर+ और एचएफ डीलक्स के फ्लेक्स-फ्यूल संस्करण पेश किए हैं।
क्या है E100 ईंधन?
E100 पूरी तरह शुद्ध एथेनॉल नहीं होता। इसमें आमतौर पर 93-95% निर्जल (Anhydrous) इथेनॉल होता है, जबकि शेष भाग में पेट्रोल और विशेष एडिटिव्स शामिल होते हैं, जो ठंडे मौसम में वाहन स्टार्ट करने और ईंधन की स्थिरता बनाए रखने में मदद करते हैं। यह E20 (20% एथेनॉल) और E85 (85% ए एथेनॉल) से उच्च स्तर का एथेनॉल मिश्रण है।नई नीति के तहत भारत का एथेनॉल कार्यक्रम अब E20 से आगे बढ़कर E85, E100 और अन्य मध्यवर्ती मिश्रणों तक विस्तारित हो गया है।
कौन कर सकता है E100 का इस्तेमाल?
E100 का उपयोग केवल वे वाहन कर सकेंगे जिन्हें विशेष रूप से E100 के लिए प्रमाणित किया गया हो। मौजूदा पेट्रोल या E20 वाहन बिना बदलाव के E100 पर नहीं चल सकते, क्योंकि इससे इंजन और ईंधन प्रणाली को नुकसान पहुंच सकता है। E100-संगत वाहनों में निम्न बदलाव आवश्यक होते हैं एथेनॉल-प्रतिरोधी फ्यूल पाइप और सील,संशोधित इंजन कैलिब्रेशन, अधिक ईंधन प्रवाह क्षमता, उन्नत इंजन कंट्रोल सॉफ्टवेयर.
फ्लेक्स-फ्यूल वाहन टैंक में मौजूद एथेनॉल की मात्रा को सेंसर के माध्यम से पहचानते हैं और उसी अनुसार ईंधन इंजेक्शन तथा इग्निशन टाइमिंग को स्वतः समायोजित करते हैं। इससे वाहन E20 से लेकर E100 तक किसी भी मिश्रण पर चल सकता है।
माइलेज और लागत पर क्या होगा असर?
इथेनॉल में पेट्रोल की तुलना में प्रति लीटर कम ऊर्जा होती है। इसलिए E100 वाहन समान दूरी तय करने के लिए अधिक ईंधन की खपत कर सकते हैं। हालांकि, विशेष रूप से डिजाइन किए गए उच्च कम्प्रेशन इंजन इस कमी की कुछ हद तक भरपाई कर सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, E100 की वास्तविक आर्थिक उपयोगिता केवल ईंधन की कीमत पर नहीं बल्कि प्रति किलोमीटर लागत पर निर्भर करेगी।
ऊर्जा सुरक्षा, पर्यावरण और किसानों को लाभ…
भारत अपनी कच्चे तेल की जरूरत का 85% से अधिक हिस्सा आयात करता है।सरकार का मानना है कि, एथेनॉल के बढ़ते उपयोग से विदेशी मुद्रा की बचत होगी और तेल आयात पर निर्भरता कम होगी। E100 और फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों को इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। एथेनॉल आधारित ईंधन से ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन भी कम होता है। गन्ने से बने इथेनॉल से पेट्रोल की तुलना में उत्सर्जन में बड़ी कमी आती है, जबकि मक्का आधारित इथेनॉल भी पर्यावरण के लिए बेहतर विकल्प माना जाता है। इसके अलावा, बढ़ती एथेनॉल मांग से चीनी मिलों, डिस्टिलरी उद्योग और किसानों की आय में भी वृद्धि होने की संभावना है।
अभी बुनियादी ढांचे की चुनौती…
केवल नियमों को मंजूरी मिलने से E100 हर जगह उपलब्ध नहीं हो जाएगा।एथेनॉल नमी को आसानी से अवशोषित करता है, इसलिए इसके लिए अलग स्टोरेज टैंक, पंप और विशेष हैंडलिंग व्यवस्था की आवश्यकता होगी।सरकार दिसंबर 2026 तक लगभग 500 E100 ईंधन स्टेशन और 2027 के अंत तक करीब 5,000 एथेनॉल डिस्पेंसिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना बना रही है। शुरुआत दिल्ली-एनसीआर और मुंबई-पुणे-नागपुर कॉरिडोर से की जाएगी।
भारत की बहु-ईंधन रणनीति…
एथेनॉल के साथ-साथ सरकार इलेक्ट्रिक, सीएनजी, हाइब्रिड और हाइड्रोजन आधारित वाहनों को भी बढ़ावा दे रही है। नागपुर में ग्रीन हाइड्रोजन बसों और हाइड्रोजन रिफ्यूलिंग स्टेशन की पायलट परियोजना भी इसी व्यापक रणनीति का हिस्सा है।


















