भारतीय आम की वैश्विक धूम, 45 से अधिक देशों में पहुंचा निर्यात; अमेरिका को निर्यात में 30% से अधिक वृद्धि की उम्मीद

नई दिल्ली: भारतीय आम की मांग वैश्विक बाजार में लगातार बढ़ रही है। इस सीजन में भारत ने 45 से अधिक देशों को आम का निर्यात किया है और दुनिया के सबसे बड़े आम आयातक देश अमेरिका को होने वाला निर्यात पिछले वर्ष के पूरे सीजन के आंकड़े को सीजन समाप्त होने से लगभग एक महीने पहले ही पार कर चुका है। यह जानकारी कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के अध्यक्ष अभिषेक देव ने एक साक्षात्कार में दी। उन्होंने बताया कि, मौजूदा रुझानों को देखते हुए इस सीजन में अमेरिका को भारतीय आम का निर्यात 30 प्रतिशत से अधिक बढ़ने की संभावना है।

भारतीय आम की बढ़ती मांग को बनाए रखने के लिए ‘एपीडा’ ने अमेरिका के प्रमुख शहरों में विशेष प्रचार अभियान शुरू किए हैं। इनमें सिएटल, लॉस एंजिलिस, वॉशिंगटन, न्यूयॉर्क और अटलांटा जैसे शहर शामिल हैं। अमेरिका के अलावा एपीडा ने इस वर्ष लगभग 20 देशों में भारतीय आम के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए हैं।इनमें चेक गणराज्य, मलेशिया, स्पेन, संयुक्त अरब अमीरात और ओमान प्रमुख हैं। अभिषेक देव ने उम्मीद जताई कि, इन प्रयासों के चलते अगले एक से दो वर्षों में भारत का कुल आम निर्यात दोगुना हो सकता है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

भारतीय आम के निर्यात में बढ़ोतरी ऐसे समय में हो रही है, जब देश के कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों का कुल निर्यात पिछले वित्त वर्ष में 53 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। इस उपलब्धि के साथ भारत ने अमेरिका, ब्राज़ील, चीन और यूरोपीय संघ जैसे बड़े निर्यातकों की प्रतिस्पर्धा के बावजूद दुनिया के शीर्ष 10 कृषि निर्यातक देशों में अपनी जगह बनाए रखी है। अभिषेक देव ने बताया कि, भारत की निर्यात टोकरी (एक्सपोर्ट बास्केट) पहले की तुलना में कहीं अधिक विविध हो गई है। लगभग एक दशक पहले जहां भारत करीब 280 उत्पादों का निर्यात करता था, वहीं आज यह संख्या बढ़कर लगभग 500 हो गई है। एपीडा की सूची में कुल 790 उत्पाद शामिल हैं।

भारतीय कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजारों में नई पहचान मिल रही है। हाल के वर्षों में रूस ने भारतीय आलू और अनार के लिए अपना बाजार खोला है, जबकि वियतनाम ने भारतीय अंगूरों को बाजार पहुंच प्रदान की है। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय अनार के आयात को मंजूरी दी है। एपीडा भारतीय निर्यातकों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने के लिए प्रमुख अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेलों में भी भागीदारी बढ़ा रहा है। भारत ने हाल ही में गल्फूड और बायोफाख जैसे बड़े आयोजनों में भागीदार देश के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। विशेषज्ञों का मानना है कि, नए बाजारों तक पहुंच, आक्रामक प्रचार रणनीति और गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के चलते भारतीय आम और अन्य कृषि उत्पादों का निर्यात आने वाले वर्षों में और तेज़ी से बढ़ सकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here