कुआलालंपुर : मलेशिया ने अपनी जैव ईंधन (बायोफ्यूल) नीति के तहत पाम ऑयल आधारित B15 बायोडीजल मिश्रण को पूरे देश में अनिवार्य रूप से लागू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इसके साथ ही देश के कुछ क्षेत्रों में B20 बायोडीजल मिश्रण पहले ही लागू किया जा चुका है, जो ऊर्जा परिवर्तन और नवीकरणीय ईंधन के उपयोग को बढ़ाने की सरकार की व्यापक रणनीति का हिस्सा है। प्लांटेशन एवं कमोडिटीज मंत्री नोरैनी अहमद ने घोषणा की कि, सरावाक (बिंटुलु शहर को छोड़कर) तथा संघीय क्षेत्रों लाबुआन और लंगकावी में B20 बायोडीजल मिश्रण को अपनाया जा चुका है।हालांकि, देश के अन्य कई हिस्सों में अभी भी B10 और B12 बायोडीजल कार्यक्रम लागू हैं।
मंत्री के अनुसार, प्रायद्वीपीय मलेशिया (पेनिनसुलर मलेशिया) में B15 बायोडीजल कार्यक्रम की शुरुआत 1 जून से कर दी गई है।इसे चरणबद्ध तरीके से देशभर के पेट्रोल पंपों तक विस्तारित किया जाएगा। इस बदलाव को सुचारू रूप से लागू करने के लिए विशेष बायोडीजल वितरण अवसंरचना भी विकसित की गई है। सरकार ने उन चिंताओं को खारिज कर दिया है, जिनमें कहा जा रहा था कि घरेलू स्तर पर बायोडीजल की बढ़ती खपत से पाम ऑयल निर्यात प्रभावित हो सकता है।
सरकारी अधिकारियों के अनुसार, पूरे देश में B15 कार्यक्रम लागू होने पर प्रतिवर्ष लगभग 8.01 लाख टन कच्चे पाम ऑयल (CPO) की आवश्यकता होगी। उनका मानना है कि, यह मात्रा देश की निर्यात प्रतिबद्धताओं या मौजूदा व्यापारिक प्रवाह को प्रभावित नहीं करेगी। मलेशिया का बायोडीजल कार्यक्रम वर्तमान में देशभर में संचालित 19 लाइसेंस प्राप्त बायोडीजल उत्पादन संयंत्रों द्वारा समर्थित है। सरकार का मानना है कि यह पहल घरेलू स्तर पर पाम ऑयल की मांग बढ़ाने, कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने और देश के दीर्घकालिक नवीकरणीय ऊर्जा एवं सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। विशेषज्ञों के अनुसार, B15 और B20 मिश्रणों का विस्तार मलेशिया को हरित ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ाने के साथ-साथ पाम ऑयल उद्योग को भी नई मजबूती प्रदान करेगा।


















