सातारा : कोरेगांव तहसील के जयपुर गांव में 7 जून को आए आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश के कारण शिवनेरी शुगर्स को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा। तेज हवाओं के चलते चीनी गोदाम की छत उड़ गई, जिससे बारिश का पानी अंदर घुस गया और वहां भंडारित 74 हजार क्विंटल चीनी भीगकर खराब हो गई। मिल अधिकारियों के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, इस घटना में करीब साढ़े सात करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि, पंचनामा और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही नुकसान की अंतिम राशि स्पष्ट हो सकेगी। गौरतलब है कि, इसी चीनी मिल में दिसंबर 2025 में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई थी, जिसमें गोदाम में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया था। उस घटना में भी करीब पांच करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया था। अब मात्र सात महीने बाद प्राकृतिक आपदा के कारण मिल को एक और बड़ा आर्थिक झटका लगा है।
गन्ना पेराई और संचालन पर नहीं पड़ेगा असर
मिल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि, यह नुकसान पूरी तरह प्राकृतिक आपदा के कारण हुआ है। हालांकि, गोदाम के लिपिक नीलेश पवार के अनुसार, इस घटना का आगामी गन्ना पेराई सत्र या मिल के अन्य संचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र के गन्ना उत्पादक किसानों और परिवहनकर्ताओं में कुछ समय के लिए चिंता का माहौल बन गया था। लेकिन प्रबंधन ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में बताते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
विशेषज्ञों की निगरानी में आगे की कार्रवाई…
भीगी हुई चीनी की गुणवत्ता जांच, वर्गीकरण (ग्रेडिंग), सुरक्षित भंडारण और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं विशेषज्ञों की देखरेख में शुरू कर दी गई हैं। मिल प्रबंधन ने कहा कि, भविष्य में ऐसी प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए आवश्यक सुरक्षा और संरचनात्मक उपाय भी किए जाएंगे।


















