महाराष्ट्र : आर्थिक संकट से जूझ रहे चीनी उद्योग को केंद्र और राज्य सरकार से राहत की उम्मीद

कोल्हापुर : महाराष्ट्र का चीनी उद्योग इन दिनों आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है और उसे केंद्र तथा राज्य सरकार से राहत मिलने की उम्मीद है। इसी संदर्भ में 27 मई को नई दिल्ली में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजित पवार, सहकार मंत्री बाबासाहेब पाटील, कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे, विधायक दिलीप वळसे पाटील तथा चीनी संघ के पदाधिकारियों ने केंद्रीय सहकार मंत्री अमित शाह के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की थी।

बैठक के दौरान चीनी उद्योग के सामने मौजूद समस्याओं और चुनौतियों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया था। केंद्र सरकार के अधिकारियों ने राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों का अध्ययन कर 10 दिनों के भीतर निर्णय लेने का आश्वासन दिया था। बाद में यह भी कहा गया कि 15 जून तक फैसला घोषित कर दिया जाएगा। हालांकि, अब तक किसी प्रकार की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, जिससे चीनी उद्योग में निर्णय को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

दिल्ली में हुई बैठक में चीनी के न्यूनतम बिक्री मूल्य (एमएसपी) में वृद्धि, चीनी मिलों के ऋणों का पुनर्गठन तथा एथेनॉल की कीमतों से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए थे। उद्योग प्रतिनिधियों का कहना है कि इन विषयों पर सकारात्मक निर्णय से चीनी मिलों और गन्ना किसानों दोनों को राहत मिल सकती है। चीनी उद्योग का कहना है कि, चीनी उत्पादन की लागत लगातार बढ़ने के बावजूद बाजार में मिलने वाला मूल्य पर्याप्त नहीं है। इसी वजह से उद्योग ने केंद्र सरकार से चीनी का एमएसपी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर कम से कम 4,200 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की है।उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि, एमएसपी में वृद्धि से मिलों की वित्तीय स्थिति सुधरेगी और किसानों के गन्ना भुगतान में भी तेजी आएगी।

एमएसपी के अलावा चीनी मिलों को दिए गए ऋणों के पुनर्गठन की मांग भी प्रमुखता से उठाई जा रही है। उद्योग का मानना है कि, वर्तमान आर्थिक परिस्थितियों में कर्ज पुनर्गठन से मिलों को राहत मिलेगी और वे आगामी पेराई सत्र की तैयारियां बेहतर ढंग से कर सकेंगी।

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, सितंबर 2025 तक चीनी उत्पादन की लागत 4,029 रुपये प्रति क्विंटल पहुंच गई थी, जिसमें अकेले गन्ने की एफआरपी का खर्च 3,463 रुपये प्रति क्विंटल है। इसके अलावा रसायन, ईंधन और अन्य उत्पादन लागतों में भी वृद्धि हुई है। इन चुनौतियों को देखते हुए उद्योग ने सरकार के समक्ष कई मांगें रखी हैं। इनमें चीनी के न्यूनतम मूल्य में वृद्धि, एथेनॉल के बेहतर दाम, 31 मार्च 2026 तक के बकाया ऋणों का पुनर्गठन, दो वर्ष की मोहलत और 10-12 वर्ष की पुनर्भुगतान अवधि शामिल है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here