उत्तर प्रदेश : चीनी मिलों द्वारा गन्ना भुगतान में देरी से किसान आर्थिक मुश्किलों में फंसे

मुजफ्फरनगर : चीनी मिलों द्वारा समय पर भुगतान न मिलने से किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। बुढ़ाना की भैसाना चीनी मिल सहित शामली, थानाभवन और ऊन की चीनी मिलों पर किसानों का कुल 339.65 करोड़ रुपये बकाया है। इस बीच विवाह समारोहों का सीजन शुरू हो चुका है और नए शैक्षणिक सत्र में बच्चों की फीस की व्यवस्था करना भी किसानों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।पेराई सत्र 2025-26 के दौरान भैसाना चीनी मिल को करीब 13 हजार किसानों ने 234.06 करोड़ रुपये मूल्य का गन्ना उपलब्ध कराया था। हालांकि, मिल ने 21 जनवरी के बाद से किसानों को कोई भुगतान नहीं किया है। अप्रैल की शुरुआत में ही पेराई सत्र समाप्त हो गया था, लेकिन वर्तमान में भी मिल पर किसानों का 140.15 करोड़ रुपये बकाया है।

इसके अलावा, थानाभवन चीनी मिल पर 144.04 करोड़ रुपये, ऊन शुगर मिल पर 41.29 करोड़ रुपये और शामली शुगर मिल पर 14.17 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित है। जिला गन्ना अधिकारी रणजीत सिंह कुशवाह के अनुसार, शामली शुगर मिल का शत-प्रतिशत भुगतान जल्द पूरा कर दिया जाएगा, जबकि अन्य मिलों का बकाया चीनी बिक्री से प्राप्त धनराशि के आधार पर चुकाया जाएगा। किसानों की मेहनत से तैयार गन्ने ने जिले की चीनी मिलों को भरपूर लाभ पहुंचाया है। खतौली, तितावी, बुढ़ाना, मंसूरपुर, टिकौला, खाईखेड़ी, रोहाना और मोरना सहकारी चीनी मिलों ने मिलकर 806.85 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की। इससे 87.71 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन हुआ और जिले की औसत रिकवरी 10.87 प्रतिशत दर्ज की गई। आपूर्ति किए गए गन्ने का कुल मूल्य 3182.5 करोड़ रुपये रहा। जिले की सात चीनी मिलें किसानों का पूरा भुगतान कर चुकी हैं, लेकिन भैसाना चीनी मिल पर अभी भी 140.15 करोड़ रुपये का भुगतान बकाया है।

ChiniMandi WhatsApp Channel
Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here