नांदेड़: प्रवासी गन्ना कटाई मजदूरों को कार्यस्थल (फड़) पर ही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और उनके स्वास्थ्य को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिला परिषद स्वास्थ्य विभाग की ओर से ‘आरोग्य साथी’ प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस पहल के तहत स्वयंसेवकों को प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य जागरूकता तथा आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को स्वास्थ्य केंद्रों तक रेफर करने का प्रशिक्षण दिया गया।
जिले के हजारों मजदूर हर वर्ष अपने परिवारों के साथ गन्ना कटाई के लिए दूसरे क्षेत्रों में पलायन करते हैं।पलायन के दौरान उन्हें स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से उपलब्ध हों, इसी उद्देश्य से जिला प्रशासन ने ‘आरोग्य साथी’ अभियान शुरू किया है। इसके अंतर्गत हाल ही में नांदेड़ में प्रशिक्षण पुस्तिका के आधार पर एक विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।यह कार्यक्रम जिलाधिकारी राहुल कर्डिले और जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी मेघना कावली के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। शिविर की योजना और संचालन जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया गया।
अतिरिक्त जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सलमा हिराणी ने प्रशिक्षण के दौरान प्रवासी मजदूरों में आमतौर पर पाए जाने वाले रोगों, महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, कुपोषण तथा कार्यस्थल पर दिए जाने वाले प्राथमिक उपचारों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में पब्लिक हेल्थ नर्स श्रीमती बेरलीकर और हेल्थ असिस्टेंट रफिक शेख ने तकनीकी एवं व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान किया। हदगांव, मुखेड और तुपा क्षेत्र के स्वास्थ्य स्वयंसेवकों ने इस प्रशिक्षण में सक्रिय भागीदारी की।स्वास्थ्य विभाग ने विश्वास व्यक्त किया कि, इस पहल से प्रवासी गन्ना कटाई मजदूरों को समय पर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी और उनकी स्वास्थ्य सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।


















