नई दिल्ली: अफ्रीकी देशों में कमजोर मांग और कई व्यापारिक चुनौतियों के कारण वित्त वर्ष 2025-26 में भारत के चावल निर्यात मूल्य में 10 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि निर्यात की मात्रा में वृद्धि हुई, लेकिन निर्यात से होने वाली कुल आय कम हो गई। कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) के आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में भारत ने 1.5 करोड़ टन से अधिक गैर-बासमती चावल का निर्यात किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 6.5 प्रतिशत अधिक है। इसके बावजूद निर्यात का मूल्य घटकर 5.86 अरब डॉलर रह गया, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह 6.53 अरब डॉलर था।
अफ्रीका में कमजोर मांग बनी बड़ी वजह…
विशेष रूप से पश्चिम और मध्य अफ्रीका तथा आसियान (ASEAN) देशों को चावल की खेपों में कमी आई। दूसरी ओर दक्षिण एशिया, पूर्वी अफ्रीका, पश्चिम एशिया और दक्षिणी अफ्रीकी देशों में निर्यात बढ़ा। निर्यातकों के अनुसार, भारत की निर्यात नीति में अनिश्चितता, अफ्रीकी देशों में विदेशी मुद्रा संकट, थाईलैंड, वियतनाम और पाकिस्तान से बढ़ती प्रतिस्पर्धा, माल ढुलाई में बाधाएं तथा बड़े स्टॉक के कारण खरीदारों की कमजोर रुचि ने भारतीय चावल निर्यात को प्रभावित किया।
डॉलर संकट और स्थानीय मुद्रा में व्यापार की मांग…
निर्यातकों का कहना है कि नाइजीरिया, सेनेगल और बेनिन जैसे देशों में अमेरिकी डॉलर की भारी कमी देखी गई। कई खरीदारों ने स्थानीय मुद्रा में व्यापार का प्रस्ताव रखा, जिसे भारतीय निर्यातकों ने स्वीकार नहीं किया। इससे नए खरीद अनुबंधों में देरी हुई और निर्यात प्रभावित हुआ। अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) के अनुसार, वैश्विक चावल व्यापार में भारत की हिस्सेदारी लगभग 40 प्रतिशत बनी रहेगी। फिलीपींस, वियतनाम और चीन प्रमुख आयातक देशों में शामिल रहेंगे।सितंबर 2026 से अगस्त 2027 के बीच भारत के बासमती और गैर-बासमती चावल निर्यात का अनुमान 2.45 करोड़ टन लगाया गया है।
मूल्य के लिहाज से भारत अभी भी सबसे प्रतिस्पर्धी आपूर्तिकर्ता बना हुआ है। 5 प्रतिशत टूटे हुए चावल का भारतीय निर्यात मूल्य लगभग 350 डॉलर प्रति टन है, जो पाकिस्तान से 40 डॉलर, वियतनाम से 60 डॉलर और थाईलैंड से 145 डॉलर प्रति टन कम है। इसी तरह उबले (पारबॉयल्ड) चावल का भारतीय मूल्य लगभग 338 डॉलर प्रति टन है, जबकि पाकिस्तान में यह 391 डॉलर और थाईलैंड में 511 डॉलर प्रति टन है।संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) के अनुसार, सीमित व्यापारिक गतिविधियों के कारण भारत में चावल की कीमतें स्थिर से लेकर हल्की नरमी के स्तर पर बनी हुई हैं। विशेष रूप से पारबॉयल्ड चावल बाजार में माहौल कमजोर बना हुआ है। अफ्रीका भारत के पारबॉयल्ड चावल का सबसे बड़ा खरीदार है और वहां मांग में कमी का सीधा असर भारतीय निर्यात पर पड़ रहा है।
भारत ने खोया बाजार हिस्सा…
विशेषज्ञों का कहना है कि, जब भारत ने 2022 के बाद चावल निर्यात पर प्रतिबंध लगाए थे, तब कई अफ्रीकी देशों ने अन्य आपूर्तिकर्ताओं के साथ दीर्घकालिक अनुबंध कर लिए थे। इससे भारत की आपूर्ति श्रृंखला कमजोर हुई और खरीदारों का भरोसा भी प्रभावित हुआ। दूसरी ओर, फिलीपींस और इंडोनेशिया जैसे देशों ने घरेलू उत्पादन बढ़ाने के लिए आयात पर प्रतिबंध लगाए, जिससे भारतीय निर्यातकों के सामने अतिरिक्त चुनौतियां खड़ी हो गईं। थाईलैंड और वियतनाम की मुद्राओं में कमजोरी तथा पाकिस्तान की आक्रामक मूल्य नीति के कारण अफ्रीकी खरीदार सस्ते विकल्पों की ओर आकर्षित हुए।इसके अलावा ईरान युद्ध के चलते माल भाड़ा और युद्ध जोखिम शुल्क बढ़ने से भारतीय निर्यातकों की लागत भी बढ़ी।

















