कोल्हापुर: सहकारिता क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य और किसानों के हितों के लिए निरंतर प्रयासरत कल्लाप्पाण्णा आवाडे जवाहर शेतकरी सहकारी शुगर फैक्ट्री के नाम विस्तार समारोह का आयोजन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के हस्ते संपन्न हुआ। इस समारोह ने चीनी मिल के विकास की यात्रा में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है। इस अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि, आवाडे जवाहर चीनी मिल ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने किसानों की प्रगति के लिए कार्यरत इस संस्था को आदर्श बताते हुए इसकी सराहना की।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि, सहकारिता आंदोलन को दिशा देने वाले नेतृत्व के कारण ही ऐसी संस्थाएं लंबे समय तक सफलतापूर्वक कार्य करती हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि, बदलते समय में तकनीक, प्रबंधन और किसानों के हितों के बीच संतुलन बनाते हुए आवाडे जवाहर शुगर फैक्ट्री विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी। समारोह के दौरान सहकारिता क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए पूर्व सांसद कल्लाप्पाण्णा आवाडे का विशेष सम्मान किया गया। इस अवसर पर मंत्री प्रकाश आबिटकर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण, मंत्री चंद्रकांत पाटिल, हसन मुश्रिफ, विधायक राहुल आवाडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, संचालक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


















