महाराष्ट्र : चीनी मिलों को ऋण देने की अनुमति मिले, अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक फेडरेशन की केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह से मांग

कोल्हापुर : महाराष्ट्र अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक्स फेडरेशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर राज्य की सहकारी और वित्तीय संस्थाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि नागरी सहकारी बैंकों को चीनी मिलों, दुग्ध संस्थाओं, सिंचन परियोजनाओं, स्पिनिंग मिलों तथा सहकारी गृहनिर्माण संस्थाओं को ऋण देने की अनुमति दी जाए। फेडरेशन के प्रतिनिधि निपुण कोरे ने कहा कि, यदि यह अनुमति दी जाती है, तो सहकारी क्षेत्र की वित्तीय आवश्यकताओं को अधिक प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) के तहत ऋण सीमा को वर्तमान 50 लाख रुपये से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये करने की भी मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने बैंकों के निदेशकों की कार्यकाल सीमा (टर्म लिमिट) पर पुनर्विचार करने का अनुरोध भी किया। उनका कहना था कि, इससे सहकारी बैंकों के प्रशासन और संचालन में स्थिरता आएगी।

आरबीआई की नई शाखा नीति और अन्य नियमों में बदलाव की मांग…

ChiniMandi WhatsApp Channel

बैठक के दौरान भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा नई शाखाएं खोलने के लिए निर्धारित प्रति शाखा 2 करोड़ रुपये हेडरूम कैपिटल की शर्त पर पुनर्विचार करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। फेडरेशन के सदस्यों ने यह भी कहा कि, पीएमसी बैंक और यूनिटी स्मॉल फाइनेंस बैंक के विलय के बाद लागू की गई प्रोविजनिंग (Provisioning) संबंधी शर्तों की समीक्षा की जानी चाहिए। उनका सुझाव था कि पहले किए गए प्रोविजनिंग को रिवर्स करने की अनुमति दी जाए, जिससे बैंकों पर वित्तीय बोझ कम होगा और उनकी लाभप्रदता बढ़ेगी।इसके अलावा, प्रतिनिधिमंडल ने बैंकिंग रेगुलेशन अधिनियम और महाराष्ट्र सहकारी संस्था अधिनियम के बीच मौजूद विसंगतियों को दूर करने के लिए एक उच्चस्तरीय अध्ययन समूह गठित करने की मांग भी रखी।उनका मानना है कि, इससे सहकारी बैंकों के संचालन में आने वाली कानूनी और प्रशासनिक समस्याओं का समाधान हो सकेगा। फेडरेशन ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार और सहकारिता मंत्रालय इन मांगों पर सकारात्मक विचार करेंगे, जिससे सहकारी बैंकिंग क्षेत्र और उससे जुड़े उद्योगों को नई गति मिलेगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here