उत्तर प्रदेश : प्रस्तावित एथेनॉल फैक्ट्री का ग्रामीणों ने किया विरोध, निर्माण कार्य रोकने की उठाई मांग

बस्ती : रुधौली थाना क्षेत्र के दसिया गांव में प्रस्तावित एथेनॉल फैक्ट्री को लेकर ग्रामीणों का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को क्षेत्र के कई गांवों के लोगों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर फैक्ट्री के निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने और इसके पर्यावरणीय एवं सामाजिक प्रभावों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।ग्रामीणों का कहना है कि, प्रस्तावित फैक्ट्री के आसपास करीब 14 से 15 गांव बसे हुए हैं, जबकि इसके 200 मीटर के दायरे में दो सरकारी विद्यालय भी स्थित हैं। ऐसे में फैक्ट्री शुरू होने पर बड़ी संख्या में लोगों के जीवन और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

ग्रामीणों ने आशंका जताई कि, एथेनॉल उत्पादन में भारी मात्रा में पानी की आवश्यकता होती है। इससे क्षेत्र में पहले से गिर रहे भूजल स्तर पर अतिरिक्त दबाव पड़ेगा और भविष्य में पेयजल तथा सिंचाई के पानी का गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है।ज्ञापन में यह भी कहा गया कि, फैक्ट्री से निकलने वाले अपशिष्ट पदार्थ और संभावित प्रदूषण का असर कृषि भूमि, जल स्रोतों और स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि परियोजना से संबंधित पर्यावरण प्रभाव आकलन (EIA) और जनसुनवाई जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं की जानकारी स्थानीय लोगों को पर्याप्त रूप से नहीं दी गई है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

सरदार सेना के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी बृजेश पटेल और जिलाध्यक्ष विनय चौधरी के समर्थन में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। आंदोलन का नेतृत्व सतिराम चौधरी, आसाराम चौधरी, रामविलास चौधरी, हृदय राम चौधरी, प्रफुल्ल चौधरी, श्रीकांत चौधरी, राजा भैया सुरेंद्र चौधरी और सुमित चौधरी ने किया। इस दौरान विभिन्न गांवों के दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि जनहित और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए फैक्ट्री निर्माण पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा पूरे मामले की विस्तृत और निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही जांच पूरी होने तक फैक्ट्री के निर्माण और संचालन से जुड़ी सभी प्रकार की अनुमतियों पर रोक लगाने की भी अपील की गई है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here