नई दिल्ली: अन्तर्राष्ट्रीय हवाई परिवहन संघ (IATA) के अनुसार वर्ष 2026 में सतत विमानन ईंधन ( SAF) का उत्पादन वैश्विक जेट ईंधन खपत का केवल 0.8 प्रतिशत ही पूरा कर सकेगा। हालांकि, SAF उत्पादन में पिछले वर्ष की तुलना में 26 प्रतिशत से अधिक वृद्धि होने की उम्मीद है, फिर भी यह विमानन ईंधन मिश्रण का बहुत छोटा हिस्सा बना रहेगा।IATA के अनुमान के मुताबिक, वर्ष 2026 में वैश्विक SAF उत्पादन लगभग 24 लाख टन तक पहुंच सकता है। वहीं, एयरलाइंस द्वारा SAF की खरीद पर करीब 4.3 अरब डॉलर खर्च किए जाने का अनुमान है, जो पारंपरिक जेट ईंधन की तुलना में इसकी काफी अधिक लागत को दर्शाता है।
IATA ने कहा कि, मौजूदा विकास दर विमानन उद्योग के जलवायु लक्ष्यों को हासिल करने के लिए पर्याप्त नहीं है। संगठन के अनुसार SAF बाजार का विस्तार अभी भी आवश्यक स्तर से पीछे है और इसमें तेजी लाने की जरूरत है। IATA के महानिदेशक विली वॉल्श ने कहा कि, वर्ष 2050 तक विमानन ईंधन की 65 प्रतिशत मांग को SAF से पूरा करने का लक्ष्य लगातार कठिन होता जा रहा है। इसके पीछे सरकारों की असंगत नीतियां और तेल कंपनियों की सीमित रुचि प्रमुख कारण हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा ऊर्जा चुनौतियों को देखते हुए नवीकरणीय ईंधनों को तेजी से अपनाने की दिशा में और अधिक प्रयास किए जाने चाहिए।
इस बीच, अप्रैल में IATA द्वारा किए गए एक यात्री सर्वेक्षण में विमानन क्षेत्र को कार्बन-मुक्त बनाने के प्रयासों के प्रति मजबूत समर्थन देखने को मिला। सर्वेक्षण में शामिल 89 प्रतिशत यात्रियों का मानना है कि, यदि सरकारी प्रयास कम भी हो जाएं, तब भी विमानन क्षेत्र को उत्सर्जन में कमी लाने की दिशा में काम जारी रखना चाहिए। इसके अलावा, 66 प्रतिशत यात्रियों ने कहा कि वे कार्बन उत्सर्जन की भरपाई के लिए हवाई टिकटों पर अधिक कीमत चुकाने को तैयार हैं। वहीं, लगभग 88 प्रतिशत यात्रियों का मानना है कि टिकाऊ विकास और पर्यावरणीय निवेशों के कारण भविष्य में हवाई किराए बढ़ सकते हैं।
IATA ने SAF के व्यापक उपयोग के लिए वैश्विक स्तर पर समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। इसमें नवीकरणीय ऊर्जा आपूर्ति का विस्तार, ईंधन अवसंरचना तक बेहतर पहुंच और एकीकृत वैश्विक SAF बाजार का विकास शामिल है।

















