उत्तर प्रदेश : चीनी मिल पर किसानों का 70 करोड़ रुपये बकाया, भुगतान न मिलने से बढ़ी परेशानी

बरेली: नवाबगंज स्थित बंद पड़ी ओसवाल चीनी मिल पर गन्ना किसानों का करीब 70 करोड़ रुपये का बकाया भुगतान अब गंभीर मुद्दा बनता जा रहा है। लंबे समय से अपने गन्ने का मूल्य मिलने का इंतजार कर रहे किसानों ने प्रदेश सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। कांग्रेस कमेटी के महानगर अध्यक्ष दिनेश गुप्ता उर्फ दद्दा और कांग्रेस नेता कुमुद गंगवार के नेतृत्व में किसानों ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में किसानों ने आरोप लगाया कि, वर्ष 2023-24 और 2024-25 के गन्ना सत्र का भुगतान अब तक नहीं किया गया है, जिससे हजारों किसान परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।

किसानों का कहना है कि, खेती की बढ़ती लागत, बच्चों की पढ़ाई और घरेलू जरूरतों के खर्च के बीच बकाया भुगतान न मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है। कई किसानों को कर्ज और वित्तीय दबाव का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेता दिनेश गुप्ता ने बताया कि, गन्ना भुगतान की मांग को लेकर किसान कई बार आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर चुके हैं। नवाबगंज तहसील में लंबे समय तक धरना देने और मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने कहा कि 6 जून को भी बड़ी संख्या में किसानों ने प्रदर्शन किया था, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिला। किसानों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि ओसवाल चीनी मिल के बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान जल्द से जल्द कराया जाए और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं। ज्ञापन सौंपने के दौरान सुरेश दिवाकर, राज गंगवार, सालिक राम, सुरेश चंद्र, हरवंश, रितेश कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here