जिम्बाब्वे ने गन्ना उद्योग के लिए 10 वर्षीय विकास योजना को मंजूरी दी, चीनी और एथेनॉल उत्पादन बढ़ाने पर जोर

हरारे: कैबिनेट ने जिम्बाब्वे गन्ना उद्योग विकास योजना (2026-2035) को मंजूरी दे दी है। यह 10 वर्षीय रणनीति गन्ना क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी, जलवायु-अनुकूल और नवाचार आधारित उद्योग में बदलने के साथ-साथ उत्पादन और मूल्य संवर्धन में उल्लेखनीय वृद्धि करने के उद्देश्य से तैयार की गई है। इस योजना को उच्च एवं तृतीयक शिक्षा, नवाचार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी विकास मंत्री फ्रेड्रिक शावा ने राष्ट्रीय विकास योजना संबंधी कैबिनेट समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में कैबिनेट के समक्ष प्रस्तुत किया। योजना का लक्ष्य गन्ना उद्योग की उत्पादकता को दोगुना करना, जलवायु-स्मार्ट खेती को बढ़ावा देना और गन्ना आधारित उद्योगों का विस्तार करना है। इसके तहत वर्ष 2035 तक जिम्बाब्वे को गन्ना और गन्ना-आधारित उत्पादों के प्रमुख उत्पादक देशों में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है।

योजना में एथेनॉल उत्पादन, नवीकरणीय ऊर्जा, औद्योगिक उप-उत्पाद, जैव उर्वरक, पशु चारा, बायो-प्लास्टिक तथा शीरा (मोलासेस) और बैगास जैसे गन्ना उप-उत्पादों से बनने वाले अन्य मूल्यवर्धित उत्पादों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। फ्रेडरिक शावा ने कहा कि, इस योजना के तहत उद्योग के आधुनिकीकरण पर जोर दिया जाएगा, ताकि जोखिम कम हो और इसकी दीर्घकालिक व्यवहार्यता सुनिश्चित की जा सके। इसके अलावा बुनियादी ढांचे का आधुनिकीकरण, उत्पादकता में वृद्धि, नवीकरणीय ऊर्जा विकास, अनुसंधान एवं नवाचार तथा सरकार, निजी क्षेत्र, विकास साझेदारों, शैक्षणिक संस्थानों और स्थानीय समुदायों के बीच सहयोग को मजबूत किया जाएगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

सरकार का मानना है कि, यह रणनीति गन्ना उद्योग को सतत आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और हरित औद्योगिकीकरण का प्रमुख आधार बनाएगी। यह विकास योजना सात प्रमुख स्तंभों पर आधारित है, जिनमें नीति एवं नियामक ढांचे को मजबूत करना, उत्पादकता और जलवायु लचीलापन बढ़ाना, उत्पाद विविधीकरण, बाजार एवं व्यापार विकास, अनुसंधान एवं नवाचार, समावेशी विकास और लघु किसानों को प्रोत्साहन तथा वित्त एवं निवेश को बढ़ावा देना शामिल है।सरकार के अनुसार, इस रणनीति के लागू होने से सस्ती वित्तीय सहायता, बेहतर सिंचाई सुविधाओं और प्रभावी नियामक समर्थन के जरिए गन्ने की उत्पादकता और खेती का क्षेत्रफल दोनों बढ़ेंगे। इससे उत्पादन लागत कम होगी, बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और उद्योग को क्षेत्रीय एवं वैश्विक स्तर पर मजबूती मिलेगी।

योजना के तहत वर्ष 2035 तक कई महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। इनमें गन्ने की उत्पादकता को 81 मीट्रिक टन प्रति हेक्टेयर से बढ़ाकर 110 मीट्रिक टन प्रति हेक्टेयर करना, वार्षिक चीनी उत्पादन को 4 लाख टन से बढ़ाकर 5 लाख टन करना तथा एथेनॉल उत्पादन को 15.5 करोड़ लीटर से बढ़ाकर 60 करोड़ लीटर प्रति वर्ष तक पहुंचाना शामिल है। इसके अलावा बिजली उत्पादन क्षमता को 23 मेगावाट से बढ़ाकर 200 मेगावाट करने और चीनी निर्यात को 1 लाख टन से बढ़ाकर 2 लाख टन प्रति वर्ष तक दोगुना करने का लक्ष्य भी रखा गया है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here